प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत, ग्रामीणों से बचने के लिए तालाब में कूदे प्रेमी-प्रेमिका; युवक की मौत

Jayendra Pandey हिन्दुस्तान, गवेन्द्र मिश्र, मधुबनी
share

Bihar Crime News: मधुबनी के दुर्गापट्टी में ग्रामीणों से बचने के लिए प्रेमी जोड़े ने तालाब में छलांग लगा दी। प्रेमिका बच गई, लेकिन प्रेमी शिवम की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई है।

प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत, ग्रामीणों से बचने के लिए तालाब में कूदे प्रेमी-प्रेमिका; युवक की मौत

Bihar Crime News: बिहार के मधुबनी जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां हरलाखी थाना क्षेत्र के दुर्गापट्टी गांव में आधी रात को चोरी-छिपे मिलने गए एक प्रेमी जोड़े ने ग्रामीणों के डर से तालाब में छलांग लगा दी। इस घटना में प्रेमिका की तो जान बच गई, लेकिन पानी में डूबने से 20 वर्षीय प्रेमी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात की है। युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने अस्पताल में डॉक्टर के न होने पर स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ जमकर बवाल काटा।

बांस-बल्ले से डराया, तालाब से बाहर नहीं निकलने दिया

मृतक की पहचान उमगांव निवासी दिनेश कुमार सुमन के इकलौते पुत्र शिवम कुमार (20) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे शिवम अपनी प्रेमिका से मिलने तालाब किनारे एक बगीचे में गया था। तभी गांव के कुछ युवकों ने उन्हें देख लिया और पकड़ने दौड़े। खुद को घिरता देख दोनों ने तालाब में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने लड़की को तो किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन आरोप है कि लड़कों ने बांस-बल्ले का डर दिखाकर शिवम को बाहर नहीं निकलने दिया। शिवम को तैरना नहीं आता था, जिससे वह गहरे पानी में डूब गया।

अस्पताल में नहीं थे डॉक्टर, आक्रोशित लोगों का हंगामा

करीब एक घंटे बाद घटना की सूचना मिलने पर उमगांव के दर्जनों युवा वहां पहुंचे और शिवम को बाहर निकाला। उसे तुरंत उमगांव स्थित सीएचसी (CHC) ले जाया गया, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। इलाज में देरी और लचर स्वास्थ्य व्यवस्था से आक्रोशित लोगों ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अस्पताल में जमकर बवाल काटा। आनन-फानन में शिवम को बासोपट्टी के एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इकलौता था शिवम, पुलिस कर रही मामले की जांच

शिवम अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही हरलाखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया। एसएचओ रंजीत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।