
मधेपुरा में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
सिंहेश्वर (मधेपुरा) में शुक्रवार को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक गुदर ऋृषिदेव (20 वर्ष) की मौत हो गई। हादसा भैरवपुर पुल के पास हुआ जब ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मारी। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मृतक के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सिंहेश्वर (मधेपुरा), निज संवाददाता। सिंहेश्वर-गम्हरिया मुख्य मार्ग एसएच-66 पर शुक्रवार को भैरवपुर पुल से आगे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने इस हादसे का सबब बने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। मृतक के परिजनों के अनुसार शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे जजहट सबैला वार्ड 10 निवासी गुदर ऋृषिदेव (20 वर्ष) अपने साथी सोनू कुमार के साथ बाइक से जीवछपुर स्थित अपनी ननिहाल जा रहा था। इसी दौरान गम्हरिया की तरफ जा रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गुदर श्रृषिदेव बाइक से गिरकर ट्रैक्टर के टायर के नीचे चला गया और पहिए से कुचलकर उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद बाइक सवार दूसरे युवक का पता नहीं चल सका। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच मृतक के परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। मृत युवक गांव में रहकर खेती-किसानी करता था। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हुई है। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




