स्कूल की शिक्षका के साथ शिक्षक ने की मारपीट

Dec 21, 2025 12:26 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मधेपुरा
share Share
Follow Us on

उदाकिशुनगंज में एक शिक्षक ने सहायक शिक्षिका के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। शिक्षिका ने आरोप लगाया कि शिक्षक पिछले एक साल से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

स्कूल की शिक्षका के साथ शिक्षक ने की मारपीट

उदाकिशुनगंज, एक प्रतिनिधि।थाना क्षेत्र के पीपरा करौती पंचायत के अपग्रेड प्लस टू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक शिक्षक ने शनिवार को एक शिक्षिका के साथ बेरहमी से मारपीट की। महिला के साथ मारपीट किए जाने से स्कूल में अफरा- तफरी मच गयी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने स्कूल पहुंच कर मामला शांत कराया। शिक्षिका के आवेदन के आधार पर केस दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। दरभंगा जिले के लहरिया सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बित्ता चौक वार्ड 35 निवासी शिक्षिका नेहा कुमारी बीपीएसी के माध्यम से चयनित होने के बाद से सहायक शिक्षिका के रूप में वर्ष 2024 से पीपरा करौती पंचायत के अपग्रेड प्ल्स टू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत है।

वह उदाकिशुनगंज के दुर्गा मंदिर के समीप किराए के मकान में रह रही है। इसी स्कूल में कार्यरत मधेपुरा के मिठाई थाना क्षेत्र के बालम गढ़िया गांव निवासी राजेश्वर प्रसाद साह का पुत्र शंभू कुमार शिक्षक के रूप में कार्यरत है। शिक्षक शंभू कुमार ने वर्ग कक्ष में सहायक शिक्षिका के साथ शनिवार को बेरहमी के साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान कपडे़ भी फार दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसकी जान बचायी। पुलिस अभिरक्षा में उसे थाना लाया गया। थाना पर एसडीपीओ अविनाश कुमार ने पूरे मामले की जानकारी ली। शिक्षिका का आरोप है कि शिक्षक शंभू कुमार पिछले एक साल से उसके पीछे पड़ा था। वह जबरन पहले प्रेम और बाद में शादी करने का दबाव बना रहा था। अश्लील हड़कत कर वह मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। शनिवार को स्कूल में अर्द्धवार्षिक परीक्षा के दौरान आरोपी शिक्षक अश्लील हड़कत की। उसने इसकी शिकायत प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षकों से की। इससे बौखलाकर आरोपी शिक्षक ने वर्ग कक्ष में प्रवेश कर शिक्षिका के साथ बेरहमी से मारपीट की। थाना अध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया शिक्षिका के आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि उन्होंने खुद थाना पहुंच कर शिक्षिका से मामले की जानकारी ली। आवेदन के आलोक में कार्रवाई की जा रही है। शिक्षिका का पीएचसी में इलाज कराया गया। पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अंकित सौरभ ने शिक्षिका को कान में चोट आने की बात कही।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।