
सिंहेश्वर में अतिक्रमण हटाने को सख्ती शुरू
सिंहेश्वर में प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। सीओ नवीन कुमार सिंह की अगुवाई में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध दुकानों को तोड़कर हटाया गया। अस्थायी दुकानदारों को जगह खाली करने की चेतावनी दी गई है। सीएम की घोषणा के तहत मंदिर परिसर के विकास के लिए ये कदम उठाए गए हैं।
सिंहेश्वर। निज संवाददाता। बाबा नगरी सिंहेश्वर में विकास कार्यों को जमीनी रूप देने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती शुरू कर दी है। सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति की बेशकीमती भूमि पर अतिक्रमण कर स्थाई व अस्थाई निर्माण करने वालों पर शुक्रवार से प्रशासन का डंडा चलना शुरू हो गया। भारी पुलिस बल के साथ सीओ नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में होटल बिहार और मेला ग्राउंड में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अवैध रूप से बनाए गए दुकानों को तोड़ कर हटाया गया। वहीं न्यास के अस्थायी दुकानदारों को शनिवार सुबह तक जगह खाली करने की चेतावनी दी गयी।
निर्धारित अवधि में दुकानों को नहीं हटाए जाने पर सख्ती के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने की चेतावनी दी गयी। इससे पहले गुरुवार को सिंहेश्वर अंचल के सीओ नवीन कुमार सिंह, सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के सदस्य विजय कुमार सिंह, स्मिता सिंह, योग नारायण राय, रोशन ठाकुर, संजीव ठाकुर ने प्रस्तावित कार्य योजना का स्थल निर्धारित कर वहां सबसे पहले मार्केट कम्पलेक्स और फूड जोन के निर्माण में आने वाली बाधा को दूर करने की बात कही। इस दौरान मंदिर न्यास समिति के सभी सदस्य न्यास समिति प्रबंधक के साथ कर्मियों ने चिन्हित स्थल को खाली करने के लिए 50 दुकानदारों को नोटिस थमाया। चिन्हित जगह को खाली करने का दिया निर्देश सिंहेश्वर। सीएम के संभावित समृद्धि यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने लंबित योजना को जल्द से जल्द शुरू कर उसे जमीनी रूप देने में पूरी ताकत झोंक दी है। मालूम हो कि गत वर्ष प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर का जीर्णोद्धा और मंदिर परिसर के विकास की घोषणा की थी। बाबा सिंहेश्वर धाम को सीएम ने पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। सीएम की घोषणा को जमीनी रूप देने के लिए न्यास की भूमि पर सबसे पहले फूड जोन एवं मार्केट कम्पलेक्स निर्माण के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ नवीन कुमार सिंह ने 24 घंटे के अंदर चिन्हित जगह को खाली करने का निर्देश दिया है। मालूम हो कि पर्यटन विभाग की ओर से सिंहेश्वर में फूड जोन, पंडा निवास, आधुनिक मार्केट काम्पलेक्स निर्माण की नींव रखी गई है। सीओ ने बताया कि सिंहेश्वर में पूर्व से चिन्हित स्थल सिनेमा हाल के समीप अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मार्केट काम्पलेक्स का निर्माण होना है। पर्यटन होटल बिहार के सामने वाली खाली जगह पर फूड जोन बनेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




