सूरज की तपिश व पछुआ हवा ने बढ़ायी लोगों की परेशानी
मधेपुरा में सूरज की तेज तपिश और पछुआ हवा से लोगों की परेशानियाँ बढ़ रही हैं। दोपहर में धूप के कारण सड़कें सुनसान हो गई हैं और बच्चों को स्कूल से घर जाने में कठिनाई हो रही है। मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री दर्ज किया गया है।

मधेपुरा, संवाद सूत्र। सूरज की तपिश और पछुआ हवा के थपेड़ों से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। प्रचंड धूप के करण दोपहर के वक्त सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम होने लगी है। धूल का गुबार उठने के कारण दोपहर के वक्त दोपहिया वाहन चलकों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं स्कूलों में दोपहर के वक्त छुट्टी होने के बाद घर जाने में तेज धूप के कारण बच्चे बेहाल होने लगे हैं। मालूम हो कि पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदल गया है। सुबह होते ही धूप में तल्खी महसूस होने लगी है। सुबह आठ बजते - बजते धूप में जलन महसू होने लगती है।
दोपहर होते -होते सूर्यदेव रौद्र रूप धारण कर लेते हैं। मंगलवार को भी कमोबेस यही स्थिति बनी रही। सुबह के वक्त कुछ देर के लिए लगा कि प्रचंड धूप से राहत मिलने की उम्मीद बनी लेकिन थोड़ी देर बाद ही सूर्यदेव की तल्खी शुरू हो गयी। तेज धूप के कारण मंगलवार को दोपहर के वक्त सड़कों पर लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम नजर आए। धूप से बचाव के लिए लोग छाता, गमछा आदि का सहारा लेते नजर आए। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 21 डिग्री दर्ज किया गया। केवीके के वरीय वैज्ञानिक डॉ. आरपी शर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रचंड धूप से कुछ राहत की उम्मीद है। मौषम शुष्क रहने की संभावना है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


