
नोनियारी टोला परसाही में पक्की सड़क निर्माण की लोगों को है आस
कुमारखंड के बिशनपुर सुंदर पंचायत में परसाही से नोनियारी टोला जाने वाली कच्ची सड़क की खराब स्थिति से लोग परेशान हैं। बारिश में यातायात प्रभावित होता है और स्थानीय निवासी जनप्रतिनिधियों से मदद मांगते रहे हैं। पंचायत के मुखिया ने सड़क के पक्कीकरण का आश्वासन दिया है।
कुमारखंड,निज संवाददाता । प्रखंड के बिशनपुर सुंदर पंचायत के परसाही स्थित भगवती स्थान वार्ड 11 से कब्रिस्तान होते हुए पूरब नोनियारी टोला वार्ड 10 तक जाने वाली कच्ची सड़क नहीं बनने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कच्ची सड़क में कब्रिस्तान के पास बने पुलिया की स्थिति खराब होने के साथ ही थोड़ा आगे बीच सड़क में कटान बन जाने से इस होकर आवाजाही में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। बरसात के मौसम में लोगों को आवागमन में काफी दिक्कत होती है और लगभग आवागमन बंद ही हो जाती है। वार्ड के स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब से पंचायती राज का गठन हुआ है, उससे पहले से ही इस कच्ची सड़क पर किसी का ध्यान अभी तक नहीं गया है।
जबकि दोनों वार्डो का मुख्य निकास यह कच्ची सड़क ही है। दोनों वार्ड में रहने वाले लोग श्याम सुंदर मुखिया, बद्री दास, मोहम्मद मुजीम खान, मो अमीरुल खान, राजपाल मुखिया, पवन भगत, कुलदेव साह, उमेश साह, हनुमान भगत आदि का कहना है कि हम लोग बार-बार पंचायत के प्रतिनिधि को इस कच्ची सड़क की समस्या बताते हैं, लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि या पदाधिकारी का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है। पंचायत के मुखिया गोपाल ठाकुर का कहना है कि सड़क नहीं बनने से दिक्कत तो होती है। जल्द ही इस कच्ची सड़क को पक्कीकरण करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




