Madhepura News: सिंहेश्वर में 30 से शुरू होगा राजकीय श्रावणी मेला

हिन्दुस्तान, मधेपुरा
Follow us on Google News
share

Madhepura News: सिंहेश्वर में 30 जुलाई से शुरू होने वाले राजकीय श्रावणी मेले की तैयारियाँ जोरों पर हैं। जिला प्रशासन और मंदिर न्यास समिति की संयुक्त बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा की गई। डीएम ने विभिन्न विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

Madhepura News: सिंहेश्वर में 30 से शुरू होगा राजकीय श्रावणी मेला

Madhepura News: सिंहेश्वर, निज संवाददाता। बाबा नगरी सिंहेश्वर में 30 जुलाई से शुरू होने वाले राजकीय श्रावणी मेला की तैयारी तेज हो गयी है। मेले को लेकर बुधवार को सिंहेश्वर मंदिर परिसर में जिला प्रशासन और सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता डीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष अभिषेक रंजन ने की। इस दौरान एसपी संदीप सिंह के साथ डीएम ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गयी। डीएम ने नगर पंचायत को मंदिर परिसर एवं शिवगंगा तालाब की नियमित सफाई के लिए पालीवार अतिरिक्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। भवन प्रमंडल को बैरिकेडिंग लगाने, पीएचईडी को अस्थायी शौचालय एवं चापाकल की व्यवस्था करने का कहा। विद्युत विभाग को मंदिर परिसर की सभी वायरिंग समय रहते दुरुस्त करने का आदेश दिया गया। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर से फुटपाथी दुकानों को हटाने का निर्णय लिया गया है। परिसर में केवल फूल की दुकानें लगाने की अनुमति होगी। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए विभिन्न स्थानों पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। मंदिर परिसर और शिवगंगा तालाब में नई एवं मरम्मत की गयी बैरिकेडिंग लगायी जाएगी। अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरा, वीडियोग्राफी, कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र, पुलिस कैंप और सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। जबकि श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए वाटरप्रूफ पंडाल बनाए जाएंगे। प्रतिमा सिंह धर्मशाला सहित अन्य स्थानों पर भी विश्राम की व्यवस्था रहेगी。

इन स्थानों पर बनेंगे ड्रॉप गेट

भीड़ नियंत्रण के लिए दुर्गा चौक, गम्हरिया रोड, पीपरा रोड, सुखासन रोड, शांतिवन गली, बैरियर, रमानी टोला मार्ग, महावीर चौक, रामपट्टी रोड सहित कई स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए जाएंगे। मंदिर परिसर में दिशा-निर्देश संबंधी साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे। मंदिर न्यास समिति के कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार खंडेलवाल ने एनएच 106 पर जलजमाव और क्षतिग्रस्त पीएचईडी पाइपलाइन का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है। इस पर डीएम ने नगर पंचायत को तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया।

सावन में प्रवचन और उद्घाटन की भी तैयारी

बैठक में मेला उद्घाटन समारोह की तैयारी, अतिथियों को आमंत्रण भेजने और प्रसिद्ध प्रवचनकर्ता अरुण जी महाराज के प्रवचन कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान डीडीसी अनिल बसाक, एसडीएम संतोष कुमार, एएसपी प्रवेन्द्र भारती, ट्रैफिक डीएसपी चेतनांनद झा, सीओ नवीन कुमार सिंह, बीडीओ ज्योति गामी, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह न्यास समिति सदस्य विजय कुमार सिंह, स्मिता सिंह, योग नारायण राय, हरेंद्र मंडल, रोशन कुमार आदि मौजूद रहे।

:

सामान्य प्रश्न

✦राजकीय श्रावणी मेला कब शुरू होगा?−
राजकीय श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू होगा।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsBihar NewsMadhepura NewsMadhepura News: सिंहेश्वर में 30 से शुरू होगा राजकीय श्रावणी मेला