Madhepura News: बिजली गुल रहने से उपभोक्ता हो रहे परेशान
Madhepura News: मुरलीगंज में बिजली की आंख-मिचौली से लोग परेशान हैं। दिनभर पावर कट की समस्या से किसानों को धान की सिंचाई में दिक्कत हो रही है। बिजली की लचर व्यवस्था से लोगों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार बिजली गुल होने से उमस भरी गर्मी में मुश्किलें बढ़ रही हैं।

Madhepura News: मुरलीगंज, निज प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र में बिजली की आंख-मिचौली से लोगों की परेशानी हर दिन बढ़ रही है। पूरे दिन पावर कट की समस्या बनी रहती है। ग्रामीण क्षेत्रों में धान की सिंचाई के लिए किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था से लोगों का आवश्यक कामकाज प्रभावित हो रहा है। पावर कट और फेज डाउन की समस्या गंभीर बनी हुई है। मुरलीगंज पावर ग्रिड के बभनगामा फीडर में पूरे दिन बिजली की आंख मिचौली से आमलोग हलकान रहे। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। हर दस मिनट, आधे घंटे और कभी एक घंटे बाद बिजली गुल हो जाती है।
बिजली आपूर्ति की लचार व्यवस्था से विद्युत आधारित कामकाज प्रभावित हो रहा है। मुरलीगंज के शंकर यादव ने कहा कि बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था से आमलोग परेशान हो रहे हैं। पूरे दिन व रात में बिजली कट होती है। दिग्घी के राजीव यादव, कोल्हायपट्टी के अंकेश यादव, हरिपुर तिनकोनमा के आलोक यादव, रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि इन दिनों बिजली की आंख मिचौली से लोग त्रस्त है। सही ढंग से बिजली आपूर्ति नहीं होने से आवश्यक कामकाज प्रभावित होता है। लोगों ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण हल्की बारिश होने पर भी पावर कट की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इस बावत बिजली विभाग के कनीय अभियंता अमरनाथ गुप्ता ने कहा कि जीतापुर ग्रिड में काम होने के कारण बीच बीच में पावर कट किया गया। दो बजे के बाद पुन: चालू कर दिया गया।


