बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान रहे लोग
मधेपुरा में बुधवार को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति करीब सात घंटे बाधित रही। बारिश के दौरान विद्युत लाइन में फॉल्ट आने से लोग पानी की किल्लत और दिनचर्या में बाधा का सामना कर रहे थे। बिजली विभाग ने फॉल्ट को दुरुस्त कर दो बजे के करीब आपूर्ति बहाल की।

मधेपुरा, कार्यालय संवाददाता। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को बिजली को लेकर हाहाकार कर स्थिति बनी रही। सुबह के वक्त बिजली गुल रहने के कारण लोगों को पानी की किल्लत का भी सामना करना पड़ा। विद्युत लाइन में जगह - जगह फॉल्ट आने के कारण शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब सात घंटे बिजली आपूर्ति बाधित हुई। मालूम हो कि बुधवार को सुबह करीब सात बजे बारिश का दौर शुरू होने के साथ ही बिजली गुल हो गयी। बारिश का दौर थमने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि शायद जल्द ही बिजली आ जाएगी। लेकिन बारिश का दौर थमने के बाद भी घंटे बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की फोन की घंटी बजाना शुरू किया।
इसके बाद लोगों पता चला कि बारिश के दौरान विद्युत लाइन में जगह - जगह फॉल्ट आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। विद्युत लाइन के फॉल्ट को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। फॉल्ट को दुरुस्त करने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गयी। सुबह के वक्त लगातार कई घंटे बिजली गुल रहने के कारण लोगों के घरों की पानी की टंकी भी जवाब दे गयी। इस कारण लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। बताया गया कि शहरी क्षेत्र में बिजली के तार पर नारियल के पेड़ की टहनी गिरने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई जगह बिजली के तार गिरने की समस्या हुई। विद्युत लाइन को दुरुस्त करने के बाद दिन के करीब दो बजे बिजली आई। थोड़ी देर बिजली रहने के बाद फिर कट गयी। हालांकि थोड़ी देर बाद ही बिजली आ गयी। दूसरी ओर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल उदाकिशुनगंज क्षेत्र में भी बुधवार को करीब दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। बताया गया कि उदाकिशुनगंज क्षेत्र में चार पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। विद्युत लाइन को दुरुस्त करने के बाद प्रभावित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी। बिजली गुल रहने से परेशान रमन कुमार, अंकित कुमार, मोहित गुप्ता ने कहा कि सुबह के समय बिजली नहीं रहने के करण लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हुई। पानी नहीं रहने के कारण कई परिवारों को नहाने - धोने और खाना बनाने के लिए भी परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने कहा कि आएदिन मेंटनेंस का कार्य होने के बाद भी बारिश शुरू होते ही बिजली गुल हो जाती है।बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि बारिश के दौरान लाइन में फॉल्ट आने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। फॉल्ट को दुरुस्त करने बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


