ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार मधेपुराप्रसव के बाद प्रसूता की मौत

प्रसव के बाद प्रसूता की मौत

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार की सुबह प्रसव के करीब एक घंटा बाद प्रसूता वर्षा देवी की मौत होने पर परिजनों ने आक्रोश जताया। प्रसव के बाद ज्यादा ब्लीडिंग होने के कारण हालत बिगड़ने पर उसे सदर...

प्रसव के बाद प्रसूता की मौत
हिन्दुस्तान टीम,मधेपुराFri, 14 Sep 2018 01:11 AM
ऐप पर पढ़ें

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार की सुबह प्रसव के करीब एक घंटा बाद प्रसूता वर्षा देवी की मौत होने पर परिजनों ने आक्रोश जताया। प्रसव के बाद ज्यादा ब्लीडिंग होने के कारण हालत बिगड़ने पर उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया था। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गयी। परिजनों ने पीएचसी की व्यवस्था पर आक्रोश जताया।

परिजनों के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर किये जाने के बाद वर्षा देवी को एंबुलेंस से सदर अस्पताल मधेपुरा लेजा रहे थे। करामा चौक के पास वर्षा की हालत काफी बिगड़ने लगी। मधेली गांव से आगे बढ़ने के बाद उसका शरीर ठंडा पड़ने लगा। मौके की नजाकत को देखते हुए उसे उदाकिशुनगंज के एक निजी नर्सिंग होम ले गये। प्रसूता को देखते ही डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रसूता को मृत घोषित करने के बाद एंबुलेंस चालक ने शव को उसके घर पहुंचा दिया। मृतक का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के साथ ग्रामीण आक्रोशित हो गये। ग्रामीणों का कहना था कि स्वास्थ्य केंद्र में एमबीबीएस चिकित्सक रहने के बावजूद उन्होंने उसकी देखभाल नहीं की। इस कारण से प्रसूता की मौत हो गयी। परिजनों ने कहा कि पीएचसी में कर्मी इलाज में लापरवाही बरतते हैं इससे इस तरह की घटना होती है। मृतक की ननद ने आरोप लगाया कि प्रसव के बाद स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा परिजनों से नजराना मांगा। नहीं देने के कारण उसकी सही से देखभाल नहीं की गयी। प्रसूता की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीण शव को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने की तैयारी करने लगे। मौके पर लोगों की काफी भीड़ लग गयी। आक्रोशित लोगों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने की सूचना पर जनप्रतिनिधि सहित जदयू नेता व सेवा दल के प्रखंड अध्यक्ष चंदेश्वरी सिंह, मुखिया सुनील साह, सरपंच चंदेश्वरी शर्मा लोगों को शांत किया। मुखिया ने कबीर अंत्येष्टि योजना मद से तीन हजार रुपये दिए। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीके वर्मा ने कहा मामले की जांच की जाएगी। लापरवाही पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें