बोलेरो पिकअप ऑनर की गोली मारकर हत्या
बिहारीगंज में बदमाशों ने रविवार रात बोलेरो पिकअप के मालिक भीम कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पड़रिया पंचायत के मुन्ना मंडल के दामाद के रूप में हुई। घटनास्थल से पिकअप और हथियार बरामद किए...

बिहारीगंज, निज प्रतिनिधि। पड़रिया पंचायत के विषहरी स्थान पीपल पेड़ के पास रविवार की रात बदमाशों ने बोलेरो पिकअप ऑनर सह चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। सोमवार की सुबह पीपल पेड़ से पश्चिम धार किनारे खेत में लोगों ने महिन्द्रा बोलेरो पिकअप पीबी 65 बीडी 9650 देखा तो हैरान हो गए। नजदीक जाने पर हत्या की घटना का पता चला। पिकआप के सामने वाले शीशा में गोली लगने से छेद होने का निशान मिले और अंदर मृतक के ललाट पर गोली लगने जैसा जख्म पाया गया। मृतक की पहचान पड़रिया पंचायत के बेलाही वार्ड 8 निवासी मुन्ना मंडल के दामाद भीम कुमार (30) के रूप में हुई। पिकअप के चालक केबिन में सीट पर पड़ा मिला। उसके दाहिने हाथ के पास एक लोडेड कट्टा और चार कारतूस भी मिले। हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में आसपास के लोग घटनास्थल पर गए। थानाध्यक्ष अमित रंजन ने मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक भीम कुमार बेतिया जिले का निवासी था। चंडीगढ़ के बिरयाली पिंड में काम करते हुए उसने करीब चार साल पहले मुन्ना मंडल की पुत्री मुन्नी कुमारी (23) उर्फ जमुनी से शादी की थी। दोनों को एक पुत्र अंकुश लगभग तीन साल और एक पुत्री चांदनी छह महीने की है। चंडीगढ़ में ही ड्राइवरी करते हुए उसने लोन पर पिकअप खरीदा था। पिकअप लेकर 15 दिन पहले वह आया था। करीब 25 हजार महीने लोन का किस्त रहने के कारण ससुराल में रह कर वह भाड़ा पर वह पिकअप चलाने लगा था। मृतक की पत्नी मुन्नी उर्फ जमुनी ने कहा शनिवार को कुछ लोग उसे बुलाकर ले गये थे। रविवार को दिन में भी भीम से उसकी बात हुई थी। घटना की सूचना पर बेतिया से भी उसके परिवार के लोग पहुंच रहे हैं। थानाध्यक्ष अमित रंजन ने बताया कि घटनास्थल से पिकअप को थाना लाया गया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।