
बीएससी नर्सिंग के छात्र की पीटकर हत्या, मातम
सिंहेश्वर के इटहरी वार्ड तीन में एक बीएससी नर्सिंग छात्र चंद्रदेव कुमार की हत्या कर दी गई। सरस्वती पूजा के बाद विसर्जन के दौरान कुछ युवकों ने मारपीट की। घायल चंद्रदेव को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के पिता ने केस दर्ज कराया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सिंहेश्वर, निज संवाददाता। थाना क्षेत्र के इटहरी वार्ड तीन में रविवार की देर रात कुछ युवकों ने एक बीएससी नर्सिंग के छात्र के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गयी। सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ विवाद घटना का कारण बताया जा रहा है। मृतक के पिता के आवेदन पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के इटहरी वार्ड तीन निवासी दिगंबर शर्मा का पुत्र चंद्रदेव कुमार (25) के रूप में की गई। मृतक के पिता दिगंबर शर्मा ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि रविवार की शाम करीब पांच बजे प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक उसके पुत्र की जेब टटोलने लगे।
विरोध करने पर उनलोगों ने उसके पुत्र का कोट-पैंट फाड़ दिया। आरोप है कि इंद्रजीत यादव नामक युवक ने चंद्र देव का गर्दन पकड़ कर उसे पटक दिया। अन्य युवकों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। वहां से वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। चंद्रदेव ने 112 पुलिस टीम को कॉले किया लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को कॉल करने की जानकारी मिलने के बाद वे लोग आधी रात को मृतक के घर पहुंच गए। उनलोगों ने दोबारा मारपीट की। केस करने पर उनलोगों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। परिजनों ने गंभीर रूप से जख्मी युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। मृतक के पिता ने हत्याकांड में संलिप्त बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ परिवार के लोगों के जानमाल की हिफाजत करने की भी मांग की। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने मामले निष्पक्ष जांच, आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजे देने की मांग की है। थाना अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। घटना में संलिप्त बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




