
दीपावली में लायंस क्लब ने दर्जनों लोगों को दी नई जिंदगी
संक्षेप: दीपावली के अवसर पर लायंस क्लब ने 'नई दृष्टि नई सृष्टि' कार्यक्रम के तहत 31 गरीब मरीजों का निशुल्क मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन किया। डीएम तरणजोत सिंह ने मरीजों को चश्मा प्रदान किया। लायंस क्लब ने समाज में...
मधेपुरा निज संवाददाता । दीपावली के अवसर पर लायंस क्लब द्वारा नई दृष्टि नई सृष्टि कार्यक्रम के तहत तहत 31 गरीब मरीजों का निशुल्क मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन किया गया।दीपावली के दिन सोमवार को शहर के पवन हंस आई क्लिनिक में डीएम तरणजोत सिंह द्वारा मरीजों की पट्टी हटाते हुए उन्हें चश्मा प्रदान किया गया। नई दृष्टि पाकर मरीज काफी उत्साहित थे। डीएम ने कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है। दूसरे के जीवन में रोशनी फैला कर इस पर्व को मनाने की लायंस क्लब मधेपुरा एवं पवन हंस आई क्लीनिक की महान परंपरा को वह सलाम करते हैं। नई दृष्टि- नई सृष्टि कार्यक्रम का आयोजन कर लायन्स क्लब ने सराहनीय कार्य किया है।
डॉ.जाहिद अख्तर एवं पवन हंस आई क्लिनिक के संस्थापक डॉ. संजय कुमार के नेतृत्व में प्रत्येक वर्ष दीपावली के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित की जाती है। रीजनल चेयरपर्सन चंद्रशेखर कुमार ने कहा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया गया है। इस टारगेट को और बढ़ाने की कोशिश करेंगे। जोनल प्रेसिडेंट डॉ. आरके पप्पू ने लायंस क्लब के आयोजन की सराहना करते हुए कहा दीपावली का उत्सव सही मायने में इसी अंदाज में मनाना चाहिए। चार्टर प्रेसिडेंट डॉ. एसएन यादव ने कहा पीड़ित मानवता की सेवा का लक्ष्य लेकर लायंस क्लब कार्य करता है। अध्यक्ष इंद्रनील घोष ने कहा लगातार 9 वर्ष से यह कार्यक्रम जारी है। सीए मनीष सर्राफ ने कहा लम्बे समय से हम सभी मिलकर समाज में गरीब लोगों के लिए इस तरह का कार्यक्रम करते हैं जरूरतमंदों के लिए हमेशा ही आगे खड़े रहते हैं और हमेशा ही रहेंगे। सचिव आलोक मंडल ने बताया कि डॉ. एस एन यादव हर साल अपनी पत्नी की स्मृति में मोतियाबिंद के ऑपरेशन में यथासंभव आर्थिक सहयोग करते आ रहे। मौके पर कोषाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, विकास सर्राफ, अर्पणा कुमारी, डॉ. गोपाल कुमार, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. पी टूटी, डॉ. राजकिशोर, राजेश कुमार राजू, चंदन कुमार, राजीव सराफ, राजीव रंजन , सुधाकर पांडे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




