Madhepura News: एमडीएम चावल बेचे जाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
Madhepura News: गंगापुर पंचायत के खुशरूपट्टी स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय से एमडीएम का चावल टेम्पो से ले जाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रभारी

Madhepura News: मुरलीगंज, निज प्रतिनिधि गंगापुर पंचायत के खुशरूपट्टी स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय से एमडीएम का चावल टेम्पो से ले जाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रभारी बीईओ के आवेदन पर मुरलीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में स्कूल के एचएम माला उनके पति रविंद्र कुमार उर्फ खोखा यादव, पुत्र प्रिंस कुमार एवं ऑटो के ड्राइवर रतनपट्टी निवासी कुंदन कुमार को नामजद किया गया है। वहीं, मामले की जांच के दौरान विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई है। एमडीएम प्रभारी ओमप्रकाश कुमार सोमवार को विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की।
इस दौरान विद्यालय की विभिन्न पंजियों का मिलान किया गया। जांच में बताया गया कि विद्यालय में कुल 262 बच्चे नामांकित हैं, जबकि जांच के दौरान मात्र 58 बच्चे उपस्थित मिले। वहीं, पूर्व के दिनों की उपस्थिति पंजी में 150 से अधिक बच्चों की उपस्थिति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। इससे जांच टीम को आशंका है कि बच्चों की संख्या अधिक दिखाकर कम बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार किया जा रहा था। जांच के दौरान विद्यालय में दो शौचालयों की स्थिति भी खराब पाई गई। विद्यालय में कुल छह शिक्षक पदस्थापित बताए गए हैं, जिनमें एक प्रभारी प्रधानाध्यापिका और पांच सहायक शिक्षक एवं शिक्षिका शामिल है। सबसे महत्वपूर्ण अनियमितता चखना पंजी को लेकर सामने आई। जांच में बताया गया कि वर्ष 2015 के बाद से विद्यालय में मध्याह्न भोजन के चखने से संबंधित पंजी का संधारण नहीं किया गया है। यानी करीब 11 वर्षों से चखना पंजी नहीं बनाए जाने की बात जांच में सामने आई है। इधर, एमडीएम चावल को ऑटो से ले जाने के मामले में प्रभारी बीईओ के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर शिक्षा विभाग की ओर से भी आगे की कार्रवाई की जा सकती है। थानाध्यक्ष नूरुल हक ने बताया कि प्राप्त आवेदन पर मामला दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


