घैलाढ़ में लाइफ केयर सेंटर को किया गया सील
घैलाढ़ में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एसडीएम संतोष कुमार के नेतृत्व में एक लाइफ केयर सेंटर क्लिनिक को सील कर दिया। यह कार्रवाई फर्जी डॉक्टर के बोर्ड और गैर प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की शिकायत पर की गई। क्लिनिक के सभी कागजात जब्त कर लिए गए हैं और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घैलाढ़ संवाद सूत्र। सदर एसडीएम संतोष कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को घैलाढ़ में मानकों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे लाइफ केयर सेंटर क्लिनिक को सील कर दिया। यह कार्रवाई एक महिला के पति नीतीश कुमार के आवेदन के आधार पर की गई। नीतीश ने डीएम और सिविल सर्जन से शिकायत की थी कि नर्सिंग होम में फर्जी डॉक्टर का बोर्ड लगा कर गैर प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मरीजों का इलाज किया जाता है। कार्रवाई के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अविनाश कुमार पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसडीओ संतोष कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए क्लिनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।
क्लिनिक संचालक से संबंधित सभी कागजात जब्त कर लिए गए हैं। कागजातों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सील किए गए क्लिनिक की सुरक्षा के लिए घैलाढ़ ओपी पुलिस की प्रतिनियुक्ति कर दिया गया। एसडीओ ने स्पष्ट कहा कि आमलोगों की सेहत के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। क्लिनिक संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। अन्य निजी क्लिनिकों की जांच की भी तैयारी की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




