प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार की सुबह हुई भारी बारिश के बाद विभिन्न पंचायतों के निचले इलाकों में बसे लोगों के घरों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई। भारी बारिश के बाद हुए जलजमाव से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। मुख्यालय के वार्ड दस, ग्यारह, गणेशपुर के वार्ड दो, कपसिया टोला, टाइगर टोला आदि जगहों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाने से जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है। इसके अलावे प्रखंड के मुसहरिया, नयाटोला, बालाटोल, सपरदह, बैसा बासा, औराय, सपरदह, फुलो बासा के बहियार में पानी भर जाने से बाढ़ जैसे हालात हो गये है।
निचले इलाकों में बसे लोग अस्थाई निवास के लिए अगल-बगल के ऊंचे स्थानों पर शरण लेने की जुगत में जुट गये हैं। गणेशपुर दियारा के वार्ड दो में जदयू अध्यक्ष शैलेन्द्र यादव ने सैकड़ों घरों में जलजमाव को देखते हुए एक पीसीसी सड़क के नीचे से पाइप के जरिए सुरंग बनवाकर पानी का निकासी करवाया। लोगों को एकाएक जलजमाव की समस्या से सामना होने के बाद उन्हें बाढ़ का डर सताने लगा है। बाजार में खाने पीने की खाद्य सामग्री के अलावा प्लास्टिक और बरसात से बचाव के लिए अन्य सामानों की बिक्री में तेजी आई है।
उधर प्रशासन अतिवृष्टि को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। बीडीओ बीरेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से जलजमाव का जानकारी ली गयी है। जलजमाव वाले स्थान से पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है। पानी निकालने से मना करनेवालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।