खेत में काम कर रहे किसान की गोली मार कर हत्या
बिहारीगंज के मोहनपुर पंचायत में सोमवार सुबह बदमाशों ने किसान सागर महतो की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना जमीन विवाद के चलते हुई। किसान खेत में पशु चारा लगा रहा था, तभी बदमाशों ने उस पर फायरिंग की।...

बिहारीगंज, निज प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत के गंगौरा में सोमवार की सुबह बदमाशों ने गोली मार कर एक किसान की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। जमीन विवाद घटना का कारण बताया जा रहा है। बताया गया कि गंगौरा वार्ड एक निवासी बद्दल महतो का पुत्र मृतक सागर महतो (60) सोमवार को सुबह खेत गया था। खेत में पशु चारा के लिए फसल लगा रहे थे। इसी दौरार हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे। मौका देखते ही बदमाशों ने किसान पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। खेत में गोली मार कर किसान की हत्या किए जाने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गयी। इस बीच थाना अध्यक्ष अमित रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना अध्यक्ष ने घटना स्थल का जायजा लिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम के सदस्यों ने घटना स्थल का जायजा लेकर सेंपल संग्रह किया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग हत्या की घटना के बाद से भयभीत हैं।
थानाध्यक्ष अमित रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टया जमीन विवाद घटना का कारण प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को थाना लाया गया है। मृतक के परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।