
काली पट्टी बांध कर किया विरोध प्रदर्शन
प्रखंड कार्यालय में कार्यपालक सहायकों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। संघ के अध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि उनकी 11 सूत्री मांगें हैं, जिनमें वेतन वृद्धि, सेवा संवर्ग का गठन, और स्थायीकरण शामिल...
पुरैनी, संवाद सूत्र। प्रखंड कार्यालय सहित अन्य विभिन्न कार्यालयों में पदस्थापित कार्यपालक सहायकों द्वारा राज्य संघ के आह्वान पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया जा रहा है। कार्यपालक सहायक संघ के प्रखंड अध्यक्ष आशीष कुमार ने कहा कि वे सभी राज्य संघ के आह्वान पर 11 सूत्री मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि वे सभी लंबे समय से वेतन और मानदेय वृद्धि की मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार उनकी मांगों को अनसुना कर रही है। चुनावी साल में सरकार ने संविदा पर काम करने वाले लगभग सभी कर्मियों के वेतन में डेढ़ से दो गुणा वृद्धि की है।
लेकिन कार्यपालक सहायकों को इस लाभ से वंचित रखा गया है। इससे साफ है कि सरकार उनके साथ सौतेलापन व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में सेवा संवर्ग का गठन कर स्थायीकरण करना, राज्य कर्मी का दर्जा एवं वेतनमान प्रदान करना, पद की शैक्षणिक योग्यता को मैट्रिक से बढ़ाकर इंटरमीडिएट करना, नियुक्ति की तिथि से ईपीएफ का आच्छादन लागू करने सहित कई लंबित मांगे हैं। प्रदर्शन करने के दौरान रोशन कुमार, प्रेम कुमार, संजय कुमार, धनराज कुमार, राजीव कुमार, निशा कुमारी, रानी कुमारी, बबिता कुमारी, पार्वती कुमारी आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




