ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार मधेपुराशहर में सात घंटे गुल रही बिजली

शहर में सात घंटे गुल रही बिजली

बारिश और तेज हवा के कारण शहर और आस-पास के क्षेत्रों में शुक्रवार को बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई। कई स्थानों पर विद्युत लाइन में फॉल्ट के कारण शहरी क्षेत्र में करीब सात घंटे तक...

शहर में सात घंटे गुल रही बिजली
हिन्दुस्तान टीम,मधेपुराSat, 15 Sep 2018 12:59 AM
ऐप पर पढ़ें

बारिश और तेज हवा के कारण शहर और आस-पास के क्षेत्रों में शुक्रवार को बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई। कई स्थानों पर विद्युत लाइन में फॉल्ट के कारण शहरी क्षेत्र में करीब सात घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। सुबह करीब दस बजे से शहर के कुछ हिस्से में आपूर्ति बहाल हुई। करीब साढ़े 11 बजे से पूरे शहर में सुचारु रूप से बिजली आपूर्ति बहाल की गयी। गुरुवार की देर रात करीब ढाई बजे अचानक शहर में बिजली आपूर्ति गुल हो गयी। लोग इस उम्मीद में रहे कि शायद थोड़ी देर में आपूर्ति बहाल हो जायेगी।

इस बीच झमाझम बारिश होती रही। पूरी रात बीत गयी लेकिन बिजली नहीं आयी। सुबह बारिश रुकने के बाद बिजली विभाग के मानव बल फॉल्ट पेट्रोलिंग करने को निकले। एक- एक पोल चेक करने के बाद शहर के वीराना क्लीनिक के पास इंसूलेटर पंचर पाया गया। इसके बाद पूर्णिया गोला और कर्पूरी चौक के बीच पोल पर इंसूलेटर पंक्चर पाया गया। लाइन की पेट्रोलिंग के दौरान झिटकिया - सवैला रोड के निकट बिजली के तार पर पेड़ की टहनी गिरी मिली। सिंहेश्वर - बुढ़ावे पुल के पास जंफर टूटा पाया गया। इस तरह अन्य स्थानों पर विद्युत लाइन में फॉल्ट पाया गया। इन फॉल्टों को ढूढ़ने और उसे दुरुस्त करने में मानव बल को चार- पांच घंटे मशक्कत करनी पड़ी। गुरुवार की देर रात बाधित हुई बिजली आपूर्ति दिन के करीब साढ़े 11 बजे सुचारु रूप से बहाल हो सकी। शहर में लगातार करीब सात घंटे बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घरों की टंकी में पानी नहीं रहने के कारण सुबह स्कूल जाने के लिए तैयार होने में बच्चों को काफी असुविधा हुई। घरों में पानी के लिए लोगों को बिजली आने का इंतजार करना पड़ा। बिजली विभाग के ईई अमित कुमार ने बताया कि बारिश और तेज हवा के कारण विद्युत लाइन में फॉल्ट होने से आपूर्ति प्रभावित हुई। फॉल्ट को दूर कर आपूर्ति बहाल कर दी गयी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें