Bihar LPG News Highlights: एलपीजी संकट पर कंट्रोल रूम बनेंगे, सरकार ने डीएम-एसपी को किया अलर्ट

Bihar LPG News Highlights: बिहार की राजधानी पटना समेत भागलपुर, मुजफ्फरपुर और अन्य शहरों में एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर खरीदने के लिए लोगों में होड़ मची हुई है। इससे गैस वितरकों के यहां लाइनें लगी हुई हैं।

Bihar LPG News Highlights: एलपीजी संकट पर कंट्रोल रूम बनेंगे, सरकार ने डीएम-एसपी को किया अलर्ट

Bihar LPG Crisis News LIVE Updates: पटना में इंडेन गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेकर कतार में खड़े लोग (ANI Photo)

Nishant Nandan| लाइव हिन्दुस्तान,पटना | Thu, 12 Mar 2026 11:09 PM IST
WhatsAppFacebookX
हमें फॉलो करेंGoogle NewsYouTube

Bihar LPG News Highlights: ईरान युद्ध और पश्चिमी एशिया में आए संकट के बीच भारत में एलपीजी संकट के दावे हो रहे हैं। बिहार में भी एलपीजी सिलेंडर को लेकर त्राहिमाम मचा हुआ है। इस बीच जिलाधिकारी, पटना के निर्देश पर घरेलू LPG गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित करने तथा इसके अनुश्रवण के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन स्थापित किया गया है। कोई भी उपभोक्ता या आम जनता इस संबंध में सूचना, शिकायत या जानकारी 9 बजे पूर्वाह्न से 6 बजे अपराह्न तक दूरभाष संख्या 0612-2219810 पर दे सकते हैं। पटना में ग्राहक की शिकायत पर एक गैस एजेंसी के डिलीवरी बॉय पर एफआईआर भी हो गई है। साथ ही जिला प्रशासन ने पटना जिला के सभी प्रखंडों में आपूर्ति पदाधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। वहीं, बिहार में एलपीजी संकट को लेकर सभी जिलों में कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। राज्य सरकार ने सभी डीएम और एसपी को इस संबंध में गुरुवार को निर्देश जारी किए हैं।

इधर मुजफ्फरपुर जिले में रसोई गैस संकट हो गया है। उपभोक्ता रसोई गैस सिलेंडर की रिफिलिंग कराने के लिए गैस एजेंसी कार्यालय, गोदाम से लेकर वेंडर तक का चक्कर काट रहें है। गुरुवार की सुबह सिकंदरपुर इलाके के लोगों को रसोई गैस नहीं मिल। वे लोग तीन चार दिनों से गैस के लिए भटक रहे थे। गैस नहीं मिलने के बाद नाराज उपभोक्ता सिलेंडर लेकर कंपनी बाग रोड स्थित डीएम आवास पहुंचे गए। गैस आपूर्ति करने के दावे पर खड़ा उतरने की मांग करने लगे। डीएम आवास की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों से भी लोगों की नोंकझोंक हुई। इसके बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को डीएम कार्यालय और एसडीओ कार्यालय भेज दिए। इसके बाद जाकर डीएम आवास के बाहर से भीड़ हटी।

12 Mar 2026, 09:08:54 PM IST

Bihar LPG News LIVE: लकड़ी के चूल्हे पर खाना पकाने लगे गांव के लोग

Bihar LPG News LIVE: ईरान के साथ अमेरिका व इजरायल से छिड़े युद्ध ने ग्रामीण क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत पैदा कर दी है। ऐसे में कई घरों की महिलाओं को गुरुवार को लकड़ी-गोइठा पर खाना पकाते देखा गया। कहीं सर्वर डाउन की वजह से गैस की बुकिंग नहीं हो रही है, तो किसी के निबंधित मोबाइल काम नहीं करने से परेशानी हो रही है। ऐसे में घरों में खाना पकाने में दिक्कत हो रही है। बाजार में भ्रमण करने के काफी देर बाद बड़ी मुश्किल से रसोई गैस मिल पा रही है।

कैमूर जिले में अधौरा के योगेंद्र यादव, चांद के राधेश्याम सिंह एवं भगवानपुर के नीरज पांडेय ने बताया कि गैस की किल्लत से उनके क्षेत्र में कोयला की आग पर नहीं, बल्कि लकड़ी-गोइठा पर खाना पक रहा है। चांद की कबूतरा देवी व राधिका देवी ने बताया कि समय पर गैस नहीं मिलने से बच्चों को दुकान से खाद्य पदार्थ खरीदकर लंच के लिए दिया जा रहा है।

अधौरा की सरस्वती देवी ने कहा कि उनकी तो लकड़ी की आग पर खाना पकाने की आदत बन गई है। पहले भी समय पर गैस नहीं मिलती थी। क्योंकि यहां सिर्फ एक ही एजेंसी है, वह भी काफी दूरी पर। वितरक के वेंडर तो नहीं आते, पर इतनी लंबी दूरी तय कर गैस लाने में दिक्कत होती है।

मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण कैमूर जिले में रसोई गैस व डीजल-पेट्रोल की किल्लत होने लगी है। अब यह तीनों चीजें आसानी से उपलब्ध नहीं हो रही है। फुटपाथ पर चल चाय-नाश्ता के दुकानदारों को अब कोयला से काम चलाना पड़ रहा है।

Share
12 Mar 2026, 08:46:16 PM IST

Bihar LPG News LIVE: एलपीजी संकट पर कंट्रोल रूम बनेंगे, डीएम और एसपी को निर्देश

Bihar LPG News LIVE: बिहार में एलपीजी संकट के बीच राज्य सरकार और सख्त हो गई है। विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने राज्य के सभी जिला अधिकारियों (डीएम) एवं पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा अनधिकृत बिक्री पर पूरी सख्ती से रोक लगाई जाए। जिलों में कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Share
12 Mar 2026, 06:59:39 PM IST

Bihar LPG News LIVE: ठाकुरगंज में सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतार

Bihar LPG News LIVE: किशनगंज जिले के ठाकुरगंज स्थित सरिता इंडियन एजेंसी में घरेलू और व्यावसायिक गैस लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग रही है। बीते एक सप्ताह से एजेंसी के बाहर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से ही उपभोक्ता एजेंसी के बाहर लाइन में लग जाते हैं, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण गैस वितरण की प्रक्रिया धीमी हो गई है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस संबंध में सरिता इंडियन एजेंसी की संचालिका सरिता ने बताया कि इंडियन ऑयल का पैन इंडिया सिस्टम फिलहाल सही तरीके से काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण गैस वितरण में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी समस्या के कारण उपभोक्ताओं को थोड़ी असुविधा हो रही है, लेकिन उम्मीद है कि एक-दो दिनों के भीतर सिस्टम पूरी तरह ठीक हो जाएगा और वितरण सामान्य हो जाएगा।

Share
12 Mar 2026, 06:33:44 PM IST

Bihar LPG News LIVE: पटना में गैस सिलेंडर ब्लैक करने की सूचना पर पहुंचे अधिकारी

Bihar LPG News LIVE: पटना में एलपीजी की कालाबाजारी पर प्रशासन की पैनी नजर है। कंकड़बाग स्थित अनामिका इंडेन गैस एजेंसी में एलपीजी सिलेंडर को ब्लैक करने की सूचना मिली है। इसके बाद अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे हैं। फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

Share
12 Mar 2026, 05:33:54 PM IST

Bihar LPG News LIVE: पटना में गैस गोदाम सील

Bihar LPG News LIVE: पटना में कथित एलपीजी संकट के बीच सुलभ इंडियन गैस गोदाम को प्रशासन की ओर से सील कर दिया गया है। यह गोदाम फुलवारीशरीफ के नौसा मोड़ के नजदीक है। एमओ को गैस एजेंसी के संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया गया है।

Share
12 Mar 2026, 04:52:58 PM IST

Bihar LPG News LIVE: किशनगंज में गैस एजेंसी के बाहर कतार, होटल-ढाबों से सिलेंडर गायब

Bihar LPG News LIVE: किशनगंज में घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत दिखाई पड़ रही है। सिलेंडरों की किल्लत का आलम यह है कि होटल व ढाबा संचालकों ने अब भट्टी बनाकर कोयला और बिजली चूल्हा का प्रयोग करने लगे हैं। वहीं केवाईसी को लेकर उपभोक्ताओं खासे परेशान नजर आ रहे हैं। पिछले सप्ताह भर से सिलेंडर के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने को लोग विवश हो रहे हैं। घरेलु गैस उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस के लिए दो दिन से वापस जाना पड़ रहा है।

शहर के जगदंबा गैस एवं ताज गैस गोदाम में घरेलू एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए लंबी लाइन है। भीड़ का नजारा देख लोग गैस की किल्लत होने से घबराए हुए हैं। गैस एजेंसी के संचालक का कहना है कि गैस की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है। प्रतिदिन उपभोक्ताओं को गैस का वितरण किया जा रहा है। लोग अफवाह के कारण भीड़ लगा रहे हैं। ओटीपी के माध्यम से गैस का वितरण किया जा रहा है।

Share
12 Mar 2026, 04:08:03 PM IST

Bihar LPG News LIVE: पटना में एलपीजी संकट के बीच अफसरों की छुट्टियां रद्द

Bihar LPG News LIVE: बिहार में एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर को लेकर उपजे संकट के बीच पटना जिला प्रशासन ऐक्शन मोड में है। पटना डीएम ने एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए 28 धावा दल का गठन किया है। साथ ही साथ ही पटना जिला अंतर्गत सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारियों का अवकाश प्रशासनिक दृष्टिकोण से कार्यहित में अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया है।

Share
12 Mar 2026, 03:59:09 PM IST

Bihar LPG News LIVE: बुकिंग के बावजूद गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हुई, पटना में FIR

पटना में एलपीजी सिलेंडर को लेकर मची आपाधापी के बीच पाटलिपुत्र थाने में गैस एजेंसी के डिलीवरी बॉय के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। दीघा के रहने वाले एक उपभोक्ता ने शिकायत की कि उन्होंने इंद्रपुरी स्थित उत्सव गैस सेवा एजेंसी के यहां एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग की थी। मगर उन्हें सिलेंडर की सप्लाई नहीं मिली। जब इस संबंध में पूछा गया तो डिलीवरी बॉय ने कहा कि सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया है। अब ग्राहक ने डिलीवरी बॉय पर जालजासी का आरोप लगाते हुए एफआईआर कराई है। पटना डीएम ने कहा कि एलपीजी घरेलू गैस उपभोक्ताओं को कोई समस्या न हो इसके लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग एवं तत्पर है। किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ब्लैकमार्केटिंग, होर्डिंग या अधिक दाम पर बिक्री की शिकायत आने पर दोषी एजेंसियों/संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध तुरत प्राथमिकी दर्ज करने एवं गिरफ्तार करने का निदेश दिया गया है।

Share
12 Mar 2026, 02:27:52 PM IST

Bihar LPG News Live: ओटीपी वालों को ही दिया जा रहा गैस सिलेंडर

Bihar LPG News Live: पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटाड़ में रसोई गैस की मांग के अनुरूप उपलब्ध नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रखंड मुख्यालय स्थित देव एचपी ग्रामीण गैस वितरक के द्वारा गैस सिलेंडर का लगातार वितरण किया जा रहा है। गैस सिलेंडर लेने के लिए लोग अहले सुबह से ही लाइन में लग जा रहे हैं। जिनके मोबाइल पर ओटीपी आ रहा है उन्हें गैस सुगमता से दिया जा रहा है। हालांकि मांग से ज्यादा सिलेंडर लेने के लिए पहुंचे लोगों के कारण रसोई गैस की किल्लत हो गई है। लोग आपाधापी में हैं कि हम एक्स्ट्रा सिलेंडर लेकर अपने घर में रख लें। इससे अन्य लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। देव एचपी गैस ग्रामीण गैस के प्रोपराइटर ज्ञान कुमार ने बताया कि नो ओटीपी नो गैस के तर्ज पर गैस का वितरण किया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं का ओटीपी आ रहा है। उन्हें सुगमता से कतारबद्ध रसोई गैस दिया जा रहा है। जैसे-जैसे गैस का सिलेंडर आगे से आ रहा है। वैसे उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा दिया जा रहा है।

Share
12 Mar 2026, 02:13:14 PM IST

बिहार में घरेलू गैस का पर्याप्त भंडार

बिहार में रसोई गैस सिलेंडर का पर्याप्त भंडार है। इसलिए आम उपभोक्ताओं को घबराने और गैस एजेंसियों के पास अनावश्यक भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है।खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने कहा है कि पेट्रोलियम एजेंसियों से लगातार संपर्क में हैं। हर पहलू पर नजर रखी जा रही है। विभाग ने राज्य की जनता से अपील की है कि वे भ्रामक खबरों पर ध्यान नहीं दें। एजेंसियों ने विभाग को स्पष्ट किया है कि राज्य में सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है।

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने बुधवार को विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी है। उपभोक्ताओं की सुविधा तथा गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा वर्तमान में यह व्यवस्था लागू की गई है कि किसी भी घरेलू उपभोक्ता को अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नए गैस सिलेंडर की बुकिंग (नंबर लगाने की) करने की अनुमति है। बुकिंग दर्ज होने के बाद दो से तीन दिनों के भीतर घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

Share
12 Mar 2026, 01:42:03 PM IST

एजेंसियों के पास स्टॉक खत्म, केवल इमरजेंसी सेवा

बिहार के भागलपुर जिले में गैस एजेंसियों की स्थिति भी चिंताजनक है। मधु गैस एजेंसी के संचालक राजीव कुमार के अनुसार, पिछले पांच दिनों से स्टॉक शून्य है और कंपनी से ऑर्डर के बावजूद आपूर्ति नहीं हो रही है। वहीं एनके कुकिंग गैस एजेंसी के प्रबंधक मो. रहमान ने बताया कि वे सरकार की ईसीए नियमावली का पालन कर रहे हैं, जिसके तहत उपलब्ध सीमित स्टॉक को केवल अस्पतालों और आपातकालीन सेवाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल सिलेंडर देने से साफ इनकार किया जा रहा है।

Share
12 Mar 2026, 01:28:54 PM IST

भागलपुर में रसोई गैस की किल्लत

देशव्यापी संकट के बीच भागलपुर जिले में एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत ने विकराल रूप धारण कर लिया है। जहां घरेलू उपभोक्ता गैस के लिए सड़कों पर कतारबद्ध हैं, वहीं व्यावसायिक क्षेत्र, विशेषकर होटल और रेस्टोरेंट उद्योग, पूरी तरह चरमरा गया है। स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि कई संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों में ताले जड़ दिए हैं, जबकि कुछ जुगाड़ माध्यम से ऊंचे दामों पर सिलेंडर खरीदने को मजबूर हैं।

Xशहर के विभिन्न रेस्टोरेंट संचालकों के बीच अफरातफरी का माहौल है। खरमनचक स्थित तंदूरीवाला के संचालक विशाल सिंह ने बताया कि ईरान-अमेरिका युद्ध की सुगबुगाहट के साथ ही उन्होंने आने वाले संकट को भांप लिया था और एक सप्ताह पूर्व ही स्टॉक जमा कर लिया था, जिससे फिलहाल उनका काम चल रहा है। वहीं मेट्रो मिर्ची के बंटी शर्मा और जायका के राहुल कुमार ने कहा कि यदि एक-दो दिनों में आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो उन्हें शटर गिराना पड़ेगा। Xबुधवार को जब कुछ एजेंसियों के पास घरेलू गैस का स्टॉक पहुंचा, तो उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। लाजपत पार्क और आदमपुर क्षेत्र की एजेंसियों के बाहर लंबी कतार देखी गई।

Share
12 Mar 2026, 01:17:12 PM IST

एलपीजी के लिए लाइन में लगे लोग

एलपीजी संकट के बीच पटना से भी एक तस्वीर आई है। इस तस्वीर में नजर आ रहा है कि पटना से सटे फुलवारीशरीफ स्टेशन रोड में इंडियन गैस का एजेंसी के पास सुबह से ही भीड़ जुटी है। लोग यहां गैस सिलेंडर हासिल करने के लिए कतार में खड़े हैं। बताया जा रहा है कि यहां सुबह 5 बजे से ही लोगों की कतार लगी थी।

Share
12 Mar 2026, 01:06:23 PM IST

रसोई गैस की बुकिंग दिनभर रही ठप

मुजफ्फरपुर में रसोई गैस कंपनियों की ऑनलाइन बुकिंग बुधवार को दिनभर ठप रही। इससे उपभोक्ता दिनभर परेशान रहे। घंटों मशक्कत के बाद भी सिर्फ तकनीकी खराबी का मैसेज मिलता रहा। इधर, माड़ीपुर स्थित एक गैस एजेंसी पर नाराज उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर पहुंचे थे। वहीं, एजेंसियां रसोई गैस की कमी का कारण बॉटलिंग प्लांट से गैस सिलेंडर आपूर्ति में अघोषित कटौती बता रहे हैं।

शहरी इलाके में स्थित विभिन्न गैस कंपनियों के वितरकों ने बताया कि पिछले दो दिनों में सिलेंडर की आपूर्ति 40 फीसदी तक कम हो गई है। गैस और पेट्रो पदार्थों की स्थिति की समीक्षा के लिए बुधवार को जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों के संचालकों के यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

Share
12 Mar 2026, 12:50:57 PM IST

संसद में जमकर हंगामा

पश्चिमी एशिया संकट और देश में रसोई गैस की किल्लत को लेकर विपक्ष ने संसद के अंदर और बाहर प्रदर्शन किया। लोकसभा में विपक्षी सांसद इस मुद्दे पर नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष के आसन के करीब आ गए। विपक्षी सदस्य एलपीजी की किल्लत को लेकर नारे लगा रहे थे।

Share
12 Mar 2026, 12:35:35 PM IST

इंडक्शन चूल्हे की बढ़ी मांग

पटना शहर और आसपास के इलाकों में रसोई गैस की किल्लत के कारण आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिलने और कुछ जगहों पर कालाबाजारी की शिकायतों के बीच अब कई परिवार नए विकल्प की ओर बढ़ने लगे हैं। लोग तेजी से इंडक्शन चूल्हे का इस्तेमाल करने लगे हैं, जिससे बाजार में इसकी मांग बढ़ने लगी है।

बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदारों के अनुसार इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में पांच प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। डाक बंगाला चौराहा स्थित दुकान के मैनेजर सुभाष बताते हैं कि पहले जहां लोग कभी-कभार ही इंडक्शन खरीदते थे, वहीं अब रोजाना कई ग्राहक इसकी पूछताछ कर रहे हैं। इंडक्शन चूल्हे की कीमत उसके वाट (पावर) और कंपनी के अनुसार अलग-अलग होती है। बाजार में 1200 वाट के इंडक्शन चूल्हे लगभग 1600 से 2000 रुपये तक मिल जाते हैं, जबकि 1500 से 1600 वाट के मॉडल की कीमत करीब 2000 से 2500 रुपये के बीच है। वहीं 1800 से 2000 वाट के इंडक्शन चूल्हे 2500 से 3500 रुपये तक में उपलब्ध हैं। �कंपनियों के अनुसार सभी की अलग-अलग कीमत है। कई कंपनियों में अलग-अलग कुकिंग मोड और सुरक्षा फीचर हैं।

Share
12 Mar 2026, 12:25:18 PM IST

पटना में LPG के लिए हेल्पलाइन नंबर

जिलाधिकारी, पटना के निर्देश पर घरेलू LPG गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित करने तथा इसके अनुश्रवण के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन स्थापित किया गया है। कोई भी उपभोक्ता या आम जनता इस संबंध में सूचना, शिकायत या जानकारी 9 बजे पूर्वाह्न से 6 बजे अपराह्न तक दूरभाष संख्या 0612-2219810 पर दे सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Share
12 Mar 2026, 12:22:30 PM IST

बांका में गैस गोदाम का होगा भौतिक सत्यापन

बांका जिले में जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी लक्ष्मीकांत रमानी द्वारा क्षेत्र के गैस गोदाम का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। बताया गया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा भंडारण की व्यवस्था की जांच के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया जा रहा है। भौतिक सत्यापन के दौरान गोदाम में रखे सिलेंडरों की संख्या, सुरक्षा मानकों तथा वितरण व्यवस्था की भी जांच की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर गैस मिल रही है या नहीं। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर इस तरह की जांच की जाती है।

Share
12 Mar 2026, 12:18:54 PM IST

मुजफ्फरपुर में उपभोक्ता कर रहे गंभीर शिकायत

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में रसोई गैस उपभोक्ताओं की शिकायत है कि गैस एजेंसी गैस सिलेंडर देने के एवज में गैस सर्विस पाइप लेने के लिए मजबूर कर रही है। अन्यथा साफ शब्दों में कह रही कि गैस नहीं मिलेगा। यह शिकायत भी सिकंदरपुर के उपभोक्ताओं ने किया है। इधर भगवानपुर इलाकों ने वेंडर गैस की आपूर्ति कर रहे है। लेकिन शिकायत मिली है कि डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) होने के बावजूद वेंडर गैस डिलीवरी नहीं किया। दूसरे दिन गैस देने की बात बताकर चला गया। शहर के अलावा साहेबगंज, मोतीपुर, पारू, कांटी, सरैया आदि प्रखंड इलाके के उपभोक्ता सुबह से गैस को लेकर परेशान है। कही सुबह पांच बजे से लाइन में खड़े है तो कही वेंडर के पीछे पीछे भाग रहे है। फिर भी गैस की आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।

Share

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsबिहारBihar LPG News Highlights: एलपीजी संकट पर कंट्रोल रूम बनेंगे, सरकार ने डीएम-एसपी को किया अलर्ट