जेल से छूटा प्रेमी लोडेड कट्टा लेकर पहुंचा प्रेमिका के घर, पूरे परिवार की हत्या की दी धमकी; गिरफ्तार
शनिवार की देर शाम आरोपित लोडेड कट्टा और गोली के साथ प्रेमिका के घर में हत्या की नीयत से घुस गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

बिहार के कैमूर में एक सिरफिरे आशिक के खूनी मंसूबे को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। प्रेमिका को भगाने के आरोप में उसे जेल जाना पड़ाा था। जेल से छूटने के बाद वह लोडेड कट्टा लेकर पहुंच गया और सबको जान से मार देने की धमकी देने लगा। परिवार वालों ने पुलिस को बुलाकर उसकी गिरफ्तारी करवा दी। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में सत्यम ने अपने प्रेम प्रसंग का खुलासा किया। घटना चांद थाना क्षेत्र के एक गांव से सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार की देर शाम आरोपित लोडेड कट्टा और गोली के साथ प्रेमिका के घर में घुस गया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान उसी गांव के निवासी 19 वर्षीय सत्यम कुमार के रूप में की गयी है। कहा कि प्रेमिका की बेवफाई के कारण उसे जेल जाना पड़ा जिसका बदला लेना चाहता था। कड़ाई से की गई पूछताछ में पता चला कि वह युवती के परिवार के सभी सदस्यों को जान से मार देना चाहता था लेकिन, पुलिस ने उसकी योजना पर पानी फेर दिया।
प्रेमिका ने कोर्ट में बदल दिया था बयान
सत्यम ने पुलिस को बताया कि वह प्रेमिका को लेकर कुछ माह पहले फरार हो गया था। युवती के परिजनों ने शादी की नीयत से अगवा किए जाने की प्राथमिकी दर्ज करा दी। पुलिस दबिश की वजह से उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। इस मामले में उसकी प्रेमिका ने न्यायालय में उसके खिलाफ बयान दिया था, जिसके कारण उसे जेल जाना पड़ा। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद उसने प्रेमिका और उसके परिवार को खत्म करने के लिए हथियार के साथ उसके घर गया था। इसकी पुष्टि थानाध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा ने की है।
पुलिस के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज
मामले में थानाध्यक्ष ने बताया कि चांद थाना के एसआई संजय कुमार के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया है। सत्यम ने पुलिस को यह भी बताया कि प्रेमिका उससे प्रेम नहीं करती है। थानाध्यक्ष ने कहा कि समय से मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने से बड़ी घटना टल गई, अन्यथा बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में हुई घटना की तरह हो जाती जहां वरमाला के समय एक आशिक ने स्टेज पर चढ़कर लड़की को गोली मार हत्या कर दी थी। गिरफ्तार सत्यम को पुलिस फिर से जेल भेज दिया है।

