बिहार में सनसनीखेज कांड, प्रेमिका के घर पीट-पीटकर प्रेमी की हत्या; मां और भाई समेत गर्लफ्रेंड गिरफ्तार
प्रेमी ललन कुमार को झांसा देकर आरोपियों ने अपने घर पर बुलाया और पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने गर्लफ्रेंड समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

Love Affair Murder: बिहार के शिवहर जिले में प्रेम प्रसंग में प्रेमी युवक की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना पिपराही थाने के अंबा उत्तरी (अंबा कला) गांव की है जहां बुधवार देर रात युवक ललन कुमार (20) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। ललन गांव के भरत साह का पुत्र था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमिका, उसके भाई और मां को गिरफ्तार कर लिया है।
लोगों ने बताया कि ललन को झांसा देकर घर बुलाया गया। देर रात वह युवती से मिलने उसके घर गया था। इसकी जानकारी मिलने पर युवती के परिजनों और अन्य लोगों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि लाठी-डंडे और लोहे की खंती से उसकी पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पिपराही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के भाई विजय साह के आवेदन पर नौ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने मामले में शांति देवी, उनके पुत्र आदित्य कुमार और पुत्री शिवानी कुमारी को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। थानाध्यक्ष उमाकांत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में मारपीट और हत्या का प्रतीत होता है। प्राथमिकी में नामजद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना स्थल से खून लगा डंडा और लोहे की खंती बरामद
पुलिस ने घटना स्थल से दो मोबाइल,घटना में प्रयुक्त लोहे की खंती तथा खून लगा लकड़ी का डंडा बरामद किया गया है। डीएसपी इशानी सिन्हा ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। इस कांड में कुछ अन्य लोगों का हाथ हो सकता है उनकी पहचान की जा रही है। डीएसपी ने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से छानबीन करते हुए कांड का उद्भेदन किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई जानकारियां मिली हैं जिन पर पुलिस काम कर रही है
युवती के मोबाइल से फोन कर बुलाया गया
बताया जाता है कि ललन कुमार का अपने गांव की एक युवती शिवानी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजनों को जब पता चला तो उन्होंने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। दोनों एक ही समाज और गांव से ताल्लुक रखते हैं। समझाने पर जब वे नहीं माने तो ललन की हत्या की साजिश रच दी गई। 16 सितम्बर की रात को ललन को शिवानी के मोबाइल से कॉल करके मिलने के लिए बुलाया गया। देर रात जब वह शिवानी के घर पहुंचा तो पहले से तैयार बैठे लोगों ने लोहे की खंती और लाठी से उसकी पिटाई शुरू कर दी। ज्यादा चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

