LJP-RV विधायक अमित रानू कांड: रिटायर अंडर सेक्रेट्री की जमीन भी हड़प ली गई, CO को नोटिस

हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता
share

बेलसंड के लोजपा आरवी विधायक भूमि कब्जा कांड में एक रिटारय अंडर सेक्रेटरी की जमीन हड़प लिए जाने का मामला सामने आया है।

बेलसंड विधायक अमित रानू
बेलसंड विधायक अमित रानू

बिहार के मु्जफ्फरपुर में एक रिटायर अंडर सेक्रेट्री की जमीन हड़प ली गई। इस मामले में भी बेलसंड के लोजपा आरवी विधायक अमित रानू का कनेक्शन उजागर हुआ है। इस मामले में गलत तरीके जमीन का म्यूटेशन करने के आरोप में मुशहरी अंचलाधिकारी को पुलिस ने नोटिस भेजा है। हालांकि नोटिस सर्व होने के बाद सीओ साहब छुट्टी पर चले गए हैं। सेवानिवृत्त अवर सचिव विजय कुमार की 15 करोड़ की भूमि का फर्जी केवाला के आधार पर हाजीपुर के कृष्णनंदन पासवान के नाम पर कराए गए दाखिल-खारिज को डीसीएलआर पूर्वी ने निरस्त कर दिया है। अमित रानू के भाई के नाम दाखिल जमीन का म्यूटेशन रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।

मामला अहियापुर के सहबाजपुर सलेम गांव का है। यहां के निवासी रिटायर अवर सचिव विजय कुमार की पैतृक 70 डिसमिल भूमि का फर्जी केवाला हाजीपुर के सलेमपुर किशुनदास निवासी कृष्णनंदन पासवान के नाम पर बना दिया गया था। इस फर्जी केवाला के आधार पर मुशहरी सीओ महेंद्र शुक्ला ने कृष्णनंदन के नाम पर 70 डिसमिल भूमि का दाखिल-खारिज कर दिया था।इस मामले में अहियापुर पुलिस ने सवाल-जवाब शुरू किया है तो मुशहरी सीओ महेंद्र शुक्ला छुट्टी पर चले गए हैं।

मामला उजागर होने पर डीसीएलआर पूर्वी ने कृष्णनंदन के नाम हुए दाखिल-खारिज को निरस्त कर दिया है। इससे पहले इसी विवादित जमाबंदी से बेलसंड विधायक के भाई अभिनव, तुषार सिंह और अरविंद कुमार मेहता ने कृष्णनंदन से केवाला लिखवा लिया। इसके आधार पर मुशहरी सीओ ने कृष्णनंदन की जमाबंदी से इन तीनों के नाम पर भूमि को दाखिल-खारिज कर दिया। अब डीसीएलआर ने इन तीनों के नाम के दाखिल-खारिज को निरस्त करने के लिए लाए गए वाद को आदेश पर रखा है।

जानकारी के बाद भी सीओ ने किया म्यूटेशन

इस केस के जांच अधिकारी विष्णु पांडेय ने मुशहरी सीओ को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस किया है। पुलिस यह जानना चाह रही है कि जब कृष्णनंदन के फर्जी केवाला का राज खुल गया और मामला संज्ञान में आ गया तो फिर से उसी जमाबंदी से विधायक के भाई व अन्य के नाम पर दाखिल-खारिज क्यों की गई। नोटिस अंचल कार्यालय में प्राप्त होते ही सीओ छुट्टी पर चले गए। आईओ विष्णु पांडेय ने बताया कि वह सीओ से मिलने कार्यालय गए थे, लेकिन छुट्टी पर होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी।

विधायक के भाई सोनू की 7 मामलों में गिरफ्तारी पर रोक

बेलसंड विधायक के भाई सोनू सिंह को सात मामलों में बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने सातों मामलों में उनके खिलाफ नो कोरेसिव एक्शन का आदेश दिया है। इससे उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लग गई है। उसने सातों मामलों में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। न्यायाधीश ने सुनवाई के बाद पुलिस कार्रवाई पर रोक लगा दिया है। सभी सातों अर्जी को एडीजे-20 के न्यायालय में स्थानांतरित किया गया है, जिस पर 14 सितंबर को सुनवाई होगी। ये सातों मामले बीते 23 अगस्त को अहियापुर थाने में दर्ज कराए गए थे। कमलेश कुमार, सरोज कुमार, रोशन कुमार, पिंकी कुमारी, राजा कुमार, अभिषेक यादव और अमित कुमार ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

विधायक के भाई ने बोला था धावा

आरोप है कि झपहां में जमीन पर जबरन कब्जा करने के लिए विधायक के भाई सोनू सिंह ने 50 से अधिक लोगों के साथ धावा बोला और जेसीबी से निर्माणाधीन मकान व बाउंड्री को ध्वस्त कर दिया। पीड़ितों का आरोप है कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जे का प्रयास किया गया। विरोध करने पर धमकाया भी गया।

इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तुषार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी मामले में जेल में बंद तुषार सिंह की जमानत अर्जी पर एडीजे-8 के न्यायालय में सुनवाई हुई, जिस पर अगली तारीख 15 सितंबर तय की गई है। इधर, विधायक के भाई के खिलाफ दाखिल-खारिज विवाद और जमीन कब्जे के मामलों को लेकर अहियापुर पुलिस जांच में जुटी है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने फिलहाल गिरफ्तारी की कार्रवाई पर रोक लगा दी है और 14 सितंबर की सुनवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar NewsLJP-RV विधायक अमित रानू कांड: रिटायर अंडर सेक्रेट्री की जमीन भी हड़प ली गई