चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प पूरा करेंगे, लोजपा ने कर दिया चुनावी प्लान का ऐलान

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय महासचिव राजू तिवारी ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की सरकार बनाकर चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प पूरा करेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने भी 2029-30 में चिराग को सीएम बनाने की बात कही है। 

Chirag paswan ljp election plan bihar cm
पटना में लोजपा-आर के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बिहार में अपने आगामी चुनावी प्लान का ऐलान कर दिया है। लोजपा-आर के राष्ट्रीय महासचिव राजू तिवारी ने शुक्रवार को पार्टी के कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि आगामी विधानसभा चुनाव में लोजपा-आर की सरकार बनाएंगे और चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने का जो संकल्प लेकर चल रहे हैं, उसे पूरा करेंगे। राजू तिवारी का यह बयान बिहार के सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। खासकर एनडीए के खेमे में इस पर हलचल बढ़ सकती है।

पटना के व्हीलर रोड स्थित लोजपा-आर के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी शिरकत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोजपा-आर के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने चिराग पासवान को बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दिलाया। राजू तिवारी पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज से विधायक हैं और विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक भी हैं। चिराग ने हाल ही में उन्हें लोजपा-आर के प्रदेश अध्यक्ष पद से प्रमोट कर राष्ट्रीय महासचिव बनाया था।

लोजपा नंबर वन होगी तो चिराग ही सीएम बनेंगे- सुरेंद्र विवेक

राजू तिवारी की जगह पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए सुरेंद्र विवेक ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। उन्होंने भी राजू तिवारी के बयान का समर्थन किया। पत्रकारों से बातचीत में सुरेंद्र विवेक ने कहा कि साल 2029 या 2030 में जब भी बिहार विधानसभा के चुनाव होंगे उसमें चिराग को सीएम बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने यह भी कहा कि जब लोजपा-रामविलास बिहार में नंबर वन होगी, तो स्वाभाविक तौर पर चिराग पासवान ही मुख्यमंत्री बनेंगे।

चिराग पासवान की लोजपा-आर सत्ताधारी गठबंधन एनडीए का हिस्सा है। चिराग केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री हैं। पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा, जदयू समेत अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर 28 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 19 पर जीत दर्ज की थी।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले लोजपा-आर के नेता चिराग पासवान को मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में प्रोजेक्ट कर रहे थे। खुद चिराग ने भी केंद्र की राजनीति छोड़ विधानसभा चुनाव लड़ने के संकेत दिए थे। उनके मगध-शाहाबाद की किसी सीट से मैदान में उतरने की अटकलें भी चली थीं। हालांकि, बाद में उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। अब उनकी पार्टी ने मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प की बात कहकर सियासी पारा गर्मा दिया है। इससे गठबंधन के अंदर क्या राजनीतिक हलचल होती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsचिराग पासवान को सीएम बनाने का संकल्प पूरा करेंगे, लोजपा के चुनावी प्लान का ऐलान