सम्राट चौधरी के मंत्री के काफिले पर शराब माफियाओं ने कराया हमला, गाड़ी के शीशे टूटे; बाल-बाल बचे अरुण शंकर

हिन्दुस्तान, मधुबनी
Follow us on Google News
share

बिहार सरकार के श्रम मंत्री मंत्री अरुण शंकर यादव ने हमले के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने कहा है कि यह हमला शराब माफिया द्वारा प्रायोजित था और उन्हीं के इशारे पर इसे अंजाम दिया गया है।

attack on labour minister madhubani

बिहार में अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्री के काफिले पर बड़ा हमला हुआ है। बिहार सरकार के श्रम मंत्री अरुण शंकर इस हमले में बाल-बाल बचे हैं। मंत्री ने आरोप लगाया है कि यह हमला शराब माफियाओं ने कराया है। मधुबनी जिले के खजौली प्रखंड के ठाहर गांव में रविवार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर ग्रामीण महिलाओं ने हमला कर दिया। बांस-बल्ले और पत्थरों से किए हमले में मंत्री के वाहन का शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों की मुस्तैदी से मंत्री बाल-बाल बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी मनोज कुमार तिवारी, एसपी योगेंद्र कुमार, और सदर 2 खजौली की एसडीपीओ कामिनी कौशल सहित भारी पुलिस बल कलुआही थाना पहुंचे। बाद में एसपी ने प्रेस वार्ता कर कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, मंत्री ठाहर गांव में भोला राय के पिता के आकस्मिक निधन तथा सड़क हादसे में मृत जुगे ठाकुर के पुत्र कृष्ण कुमार के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधा रहे थे कि तभी हमला किया गया। उधर, मंत्री ने कहा कि शराब माफिया ने उनके काफिले पर हमला कराया है।

मंत्री पर हमले से पुलिस महकमे में हड़कंप

श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर हमला के बाद अफरातफरी मची रही। कलुआही थाने में मंत्री ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत के दौरान हमले के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताते हुए सीधे तौर पर कहा कि यह हमला शराब माफिया द्वारा प्रायोजित था और उन्हीं के इशारे पर इसे अंजाम दिया गया है। मंत्री के इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। डीआईजी मनोज कुमार तिवारी और एसपी योगेंद्र कुमार ने मंत्री को भरोसा दिलाया कि घटना को अंजाम देने वाले सभी अपराधियों को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर सख्त सजा दिलवाई जाएगी। मामले में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने पत्रकारों से कहा कि मेरे साथ कुछ नहीं हुआ है। थाने से वे पटना के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। उन्होंने मंत्री को उपद्रवियों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला और सीधे कलुआही थाना पहुंचाया, जहां मंत्री ने एसपी से पूरे मामले पर बातचीत की। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। जांच पूरी होते ही दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।