
कनपटी पर गन सटा कहा- फार्म हाउस मेरे नाम करो; बिहार में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का तांडव
एफआईआर में पुरैनिया गांव निवासी जिशान जुल्फेकार ने बताया है कि अभियुक्तों ने दो सौ लोगों के साथ हरवे हथियार से लैस होकर उनके फार्म हाउस चिउटाहा पहुंच गए। लोगों ने चहारदीवारी तोड़ दी। मवेशियों के साथ धान- गेहूं लूट लिए और फार्म हाउस में आग लगा दी।
बिहार के पश्चिम चंपारण के बेतिया में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने तांडव मचाया है। यहां मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के चिउटाहा गांव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शातिर शशांक पांडेय ने शागिर्दों के साथ मिलकर किसान जिशान जुल्फेकार के फार्म हाउस में तोड़फोड़ और लूटपाट के बाद आग लगा दी। घटना शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे की है। नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शातिर कुख्यात शशांक पांडेय के साथ अविनाश मिश्रा, हरिराज मांझी और रघु मांझी को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गांव में पुलिस कैंप कर रही है।
एफआईआर में पुरैनिया गांव निवासी जिशान जुल्फेकार ने बताया है कि अभियुक्तों ने दो सौ लोगों के साथ हरवे हथियार से लैस होकर उनके फार्म हाउस चिउटाहा पहुंच गए। लोगों ने चहारदीवारी तोड़ दी। मवेशियों के साथ धान- गेहूं लूट लिए और फार्म हाउस में आग लगा दी। शशांक ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि रंगदारी के रूप में तुम फार्म हाउस मुझे दे दो।। बगलगीर सहबुन खातून के मना करने पर शशांक ने उसकी कनपटी में पिस्टल सटा दी। इसके बाद अविनाश मिश्रा ने रॉड से मारकर उसे जख्मी कर दिया। अन्य अपराधी उसके घर में रखे आभूषण समेत अन्य सामान लूट लिए।
सूचना मिलते ही नरकटियागंज एसडीएम सूर्यप्रकाश गुप्ता, एसडीओ जयप्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर राजीव कुमार, बीडीओ दीपक राम, थानाध्यक्ष शंभू शरण गुप्ता के साथ भारी संख्या में पुलिस बल व एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एफआईआर में चिउटाहा के शशांक पांडेय, धोबनी के अविनाश मिश्रा, चिउटाहा के हरिराज मांझी, रघु मांझी, पिपरपाती के दीपेंद्र कुमार, धोबनी के दीपक कुमार, चिउटाहा के धीरेंद्र मांझी, महंत मांझी, बली राम पटेल, सकलो मांझी, राधिका देवी, विजय साह, कामेश्वर गिरी, गोलू कुमार, राजा कुमार, धनंजय पटेल को नामजद किया गया है।





