Bihar Weather Latest: सोमवार को बिहार के 19 जिलों में बरसेंगे बादल, 6 जिलों में ठनका के आसार
कटिहार और किशनगंज में सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि अररिया, भागलपुर, बांका, मधेपुरा, पूर्णिया और सुपौल में वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।

Bihar Weather Latest: मुजफ्फरपुर से गुजर रही मानसून ट्रफ बिहार के 19 जिलों में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश कराएगी। कटिहार और किशनगंज में सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि अररिया, भागलपुर, बांका, मधेपुरा, पूर्णिया और सुपौल में वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। मौसमविदों के अनुसार सोमवार को मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर समेत आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश संभावित है। उत्तर पश्चिम और दक्षिण मध्य बिहार में छिटपुट बारिश हो सकती है। बारिश होने से गर्मी की मार से लोगों को राहत मिलेगी।
यहां झमाझम बारिश हुई
शनिवार की रात से रविवार की दोपहर तक सर्वाधिक बारिश सीवान के मैरवा में 75.6 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा अररिया के कुर्साकांटा में 62.6 मिमी, सीवान के दरौली में 61 मिमी, अररिया के सिकटी में 60 मिमी, गोपालगंज के भोरे में 52.2 मिमी, किशनगंज के पोठिया में 44.8 मिमी, पश्चिमी चंपारण के त्रिवेणी में 43 मिमी, सुपौल में बीरपुर 36 मिमी, मधुबनी के बाबूबरही 32.6 मिमी, शिवहर में 32.6 मिमी, गोपालगंज में 26.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पटना में आंशिक बूंदाबांदी
पटना में रविवार को दिन में उमस की स्थिति रही। शाम पांच बजे के आसपास कंकड़बाग के इलाके में आंशिक बूंदाबांदी हुई। मौसमविदों के मुताबिक उत्तर पूर्व बिहार की ओर चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति बनी है। इसके प्रभाव से आंशिक बूंदाबांदी की स्थिति उत्तर पश्चिमी बिहार और दक्षिण मध्य बिहार में बन सकती है।
बिहार में इन दिनों बारिश और गर्मी का मिला जुला असर देखा जा रहा है। हल्की बारिश के बाद गर्मी का एहसास और अधिक होने लगता है। बारिश के बाद धूप निकलने पर पसीना लोगों को परेशान कर देता है। सोमवार को बारिश की वजह से तापमान में भी आंशिक गिरावट की उम्मीद है जिससे गर्मी की मार से लोगों को राहत मिलेगी। राज्य के लगभग सभी जिलों में मानसून फैल चुका है। लेकिन, उचित मात्रा में बारिश नहीं हो रही है। नदियों से लेकर तालाब तक अभी पानी से खाली हैं। खेती बाड़ी भी ठीक से नहीं हो पा रही है। खासकर धान की रोपाई काफी प्रभावित हो रहा है।
प्रमुख शहरों का तापमान :
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 35.0 26.9
गया 35.2 27.3
भागलपुर 34.5 26.7
मुजफ्फरपुर 31.4 27.0
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

