राबड़ी देवी खाली करेंगी आवास, मीसा भारती का ऐलान; लालू और तेजस्वी पटना पहुंचे
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपना सरकारी आवास खाली कर देंगी। उनकी बेटी एवं आरजेडी सांसद मीसा भारती ने यह ऐलान किया है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, बेटे तेजस्वी यादव और बेटी मीसा भारती पटना पहुंच गए हैं।

बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास को खाली कर देंगी। लालू-राबड़ी की बड़ी बेटी एवं राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की सांसद मीसा भारती ने यह ऐलान किया। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सिंगापुर से भारत लौटने के बाद मंगलवार को पटना पहुंच गए। इस दौरान उनके बेटे तेजस्वी यादव एवं बड़ी बेटी मीसा भारती भी साथ रहीं। लालू एक सप्ताह के लिए स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर गए थे। वहां से एक दिन पहले ही दिल्ली लौटे थे। दिल्ली एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में आरजेडी सांसद मीसा भारती ने कहा कि पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित उनकी मां एवं पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास को जल्द खाली कर दिया जाएगा।
इसके बाद पटना एयरपोर्ट पर मंगलवार को लालू यादव के साथ मौजूद मीसा भारती ने पत्रकारों से खुलकर बात की। लालू परिवार के सदस्यों की सुरक्षा कम किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार सरकार को अपराधियों को सुरक्षा देने में कमी हो रही है, इसलिए दोनों पूर्व सीएम (लालू यादव एवं राबड़ी देवी) की सुरक्षा (जेड प्लस सिक्योरिटी) वापस कर दी गई है।
मीसा ने सम्राट सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू यादव जो रेल मंत्री रहे, मुख्यमंत्री रहे, राबड़ी देवी पहली महिला सीएम रहीं, अभी विधान परिषद में विपक्ष की नेता हैं, उनका सरकारी घर खाली करवाया जा रहा है, उनकी सुरक्षा वापस ले गई है। मीसा भारती ने आरोप लगाया कि सरकार बेरोजगारी और गरीबी जैसे मुद्दों से डायवर्ट करने के लिए यह सब कर रही है। उन्होंने कहा कि जो दिलों में बसते हैं, उनको सुरक्षा की जरूरत नहीं है। आरजेडी के कार्यकर्ता उनकी सुरक्षा कर रहे हैं।
इससे पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर सोमवार को लालू यादव को रिसीव करने पहुंचीं मीसा भारती ने एक चैनल से बातचीत में कहा था कि राबड़ी आवास जल्द खाली कर दिया जाएगा। पत्रकार ने उनसे पूछा कि बिहार सरकार ने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित घर खाली करने के लिए 15 दिन का नोटिस दिया है। इस पर मीसा ने कहा कि 15 दिन पहले ही खाली कर दिया जाएगा।
15 दिन की डेडलाइन से पहले ही खाली होगा राबड़ी आवास
वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि राबड़ी आवास को खाली करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास से सामान को गोला रोड स्थित गौशाला में शिफ्ट किया जाएगा। बता दें कि यह आवास लालू की पत्नी राबड़ी देवी के नाम पर आवंटित था। नवंबर 2025 में तत्कालीन नीतीश सरकार ने बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष के लिए 39 हार्डिंग रोड बंगला कर्णांकित कर दिया था।
इसके बाद राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड आवास खाली कर 39 हार्डिंग रोड बंगले में शिफ्ट करने को कहा गया। मगर अभी तक लालू परिवार नए आवास में शिफ्ट नहीं हुआ है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार ने पिछले महीने 10 सर्कुलर रोड आवास मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया। साथ ही राबड़ी देवी को 15 दिन की मोहलत देते हुए यह घर खाली करने का नोटिस दिया है।
राबड़ी देवी ने कहा था- खाली नहीं करेंगे
पिछले दिनों सरकार से नोटिस मिलने के बाद पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने कहा था कि वह आवास खाली नहीं करेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को चुनौती भी दी थी कि वह फोर्स भेजकर घर खाली करवा दें। इस पर खूब सियासी हंगामा भी मचा।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


