लालू-राबड़ी की जान को खतरा है? रोहिणी को FIR करना चाहिए; RJD सुप्रीमो के घर लड़ाई पर बोली बीजेपी
संक्षेप: ब बीजेपी के एक प्रवक्ता ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इतना ही नहीं बीजेपी प्रवक्ता ने रोहिणी आचार्या को सलाह दी है कि उन्हें पूरे मामले में एफआईआर करनी चाहिए।
बिहार के सबसे बड़े सियासी घराने में बवाल मचा हुआ है। राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को किडनी देने वाली बेटी रोहिणी आचार्य ने लगातार दूसरे दिन रविवार को भी अपना दर्द साझा किया। दिल्ली से सिंगापुर जाने के क्रम में रोहिणी एक बार फिर अपने छोटे भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, राजद सांसद संजय यादव और इनके करीबी रमीज पर हमलावर रहीं। अब बीजेपी के एक प्रवक्ता ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इतना ही नहीं बीजेपी प्रवक्ता ने रोहिणी आचार्या को सलाह दी है कि उन्हें पूरे मामले में एफआईआर करनी चाहिए।

बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक ने एक्स पर लिखा, ‘क्या लालू जी और राबड़ी देवी को क़ैद कर लिया गया हैं ?? जान पे खतरा ??? रोहिणी जी को एक FIR करवानी चाहिए साथ में तेज प्रताप भी रहे । मिसा क्यों चुप हैं ??’ लालू प्रसाद यादव इससे पहले इसी साल अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को घर और पार्टी से बेदखल कर चुके हैं। अब तेजप्रताप की बहन और लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया है कि उनके साथ मारपीट की गई है।
रोहिणी आचार्य ने कई आरोप लगाए…
रोहिणी आचार्य ने रविवार को आरोप लगाया कि भाई तेजस्वी यादव के कुछ सहयोगी उनके बारे में कह रहे हैं कि ‘‘मैंने अपने पिता को गंदी किडनी’’ दी और इसके बदले करोड़ों रुपये व पार्टी का टिकट लिया। आचार्य ने भावुक होते हुए ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा कि ‘‘किसी घर रोहिणी जैसी बेटी न हो।’’
रोहिणी आचार्य ने ‘‘राजनीति छोड़ने और अपने परिवार से नाता तोड़ने’’ की घोषणा के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी भड़ास निकाली। हाल में हुए बिहार चुनाव में राजद की हार के लिए रोहिणी ने अपने भाई तेजस्वी यादव के करीबी सहयोगियों, हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले राजद सांसद संजय यादव और उत्तर प्रदेश के एक राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले रमीज, को जिम्मेदार ठहराया था।
पिछले साल के आम चुनावों में सारण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने वाली आचार्य ने कहा, ‘‘कल मुझे गालियों के साथ बोला गया कि मैं गंदी हूं और मैंने अपने पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी, करोड़ों रुपये लिए, टिकट लिया...।’’
परिवार से नाता तोड़ने का किया ऐलान
एमबीबीएस की पढ़ाई कर चुकीं रोहिणी ने शनिवार को घोषणा की थी कि वह राजनीति छोड़ रही हैं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हैं। उन्होंने हाल में हुए चुनावों में पार्टी की हार के लिए जवाबदेही तय करने पर जोर दिया। राजद को 243-सदस्यीय बिहार विधानसभा में केवल 25 सीट मिलीं।
रोहिणी ने ‘‘संजय और रमीज’’ के बारे में भी कड़वी बातें कहीं। उन्होंने कहा कि ये दोनों खुद को “चाणक्य” जैसा बड़ा रणनीतिकार समझते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की बातों को बिल्कुल महत्व नहीं देते।
तेजस्वी और संजय यादव पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘सभी बेटी-बहन, जो शादीशुदा हैं उनको मैं बोलूंगी कि जब आपके मायके में कोई बेटा-भाई हो, तो भूलकर भी अपने भगवान रूपी पिता को नहीं बचाएं। अपने भाई, उस घर के बेटे को ही बोलें कि वह अपनी या अपने किसी हरियाणवी दोस्त की किडनी लगवा दे।’’
किडनी देते वक्त पति की अनुमति नहीं ली- रोहिणी
रोहिणी ने कहा, ‘‘...मुझसे तो ये बड़ा गुनाह हो गया कि मैंने अपना परिवार, अपने तीनों बच्चों को नहीं देखा। किडनी देते वक्त न अपने पति, न अपने ससुराल से अनुमति ली। अपने भगवान, अपने पिता को बचाने के लिए वह कर दिया, जिसे आज गंदा बता दिया गया। आप सब मेरे जैसी गलती कभी न करें। किसी घर रोहिणी जैसी बेटी (पैदा) न हो।’’
एक अन्य पोस्ट में लालू प्रसाद की बेटी ने आरोप लगाया, ‘‘कल एक बेटी, एक बहन, एक शादीशुदा महिला, एक मां को जलील किया गया... मारने के लिए चप्पल (भी) उठाया गया। मैंने अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया, सच का समर्पण नहीं किया। सिर्फ और सिर्फ इस वजह से मुझे बेइज्जती झेलनी पडी...।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कल एक बेटी मजबूरी में अपने रोते हुए मां-बाप बहनों को छोड़ आयी, मुझसे मेरा मायका छुड़वाया गया.. मुझे अनाथ बना दिया गया। आप सब मेरे रास्ते कभी न चलें, किसी घर में रोहिणी जैसी बेटी-बहन पैदा न हो।’’





