अब उंगली करने पर भी नहीं बोलेंगे अनंत सिंह, ललन सिंह की ‘दवाई’ से JDU को राहत आई

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट से एमएलसी चुनाव लड़ रहे जेडीयू के कैंडिडेट नीरज कुमार और पार्टी के लिए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने एक राहत की खबर लाई है कि पार्टी के बाहुबली विधायक अनंत सिंह अब कोई बयान नहीं देंगे।

Ashok Choudhary Lalan Singh Anant Singh
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और राज्य के मंत्री अशोक चौधरी के साथ जेडीयू विधायक अनंत सिंह (फाइल फोटो)

बिहार में राजनेताओं का होम्योपैथी इलाज करने के लिए मशहूर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बिहार विधान परिषद के चुनाव में पटना स्नातक सीट पर जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखे बाहुबली जेडीयू विधायक अनंत सिंह को समझाने-मनाने में आधी कामयाबी हासिल कर ली है। पार्टी ने ललन सिंह को अनंत सिंह को मनाने का जिम्मा सौंपा था। मोकामा से कई बार विधायक बन चुके अनंत सिंह से बातचीत के बाद ललन सिंह ने पार्टी के लिए होम्यो दवाई का इंतजाम कर दिया है, जिससे एमएलसी चुनाव के दौरान नीरज कुमार और अनंत सिंह के झगड़े में पार्टी की और छीछालेदर ना हो। अनंत ने ललन को भरोसा दिया है कि वह अब मीडिया को नीरज के मसले पर कोई बयान नहीं देंगे, भले ही कोई पत्रकार उनको कितना भी कुरेदे।

अनंत सिंह ने जेडीयू कैंडिडेट नीरज कुमार के लिए वोट मांगने से तो मना कर दिया है, लेकिन इस बात के लिए राजी हो गए हैं कि वह अब आगे खुली बयानबाजी से परहेज करेंगे। ललन सिंह भले ही अनंत सिंह को जन सुराज पार्टी के कैंडिडेट अनुज कुमार का समर्थन छोड़कर नीरज कुमार के लिए वोट मांगने के लिए तैयार करने में कामयाब नहीं हो पाए, लेकिन वायरल बयानबाजी रोकने से आधी कामयाबी तो मिल ही गई है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इस पर संतुष्टि जताई है और कहा- ‘ललन बाबू से जो पार्टी ने कहा था और उन्होंने पार्टी के हित में जो बेस्ट हो सकता था, वो किया है। अभी इतना ही है।’

क्रिया हुई तो प्रतिक्रिया भी होगी, अनंत-नीरज विवाद पर ललन सिंह खुलकर बोले; संजय झा का भी नाम लिया

जेडीयू अध्यक्ष और पूर्व सीएम नीतीश कुमार के मंत्री बेटे निशांत कुमार नीरज कुमार का प्रचार कर रहे हैं और खुला समर्थन दे रहे हैं। अनंत की बगावत से पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा हो रही थी, क्योंकि अनंत को नीतीश का करीबी माना जाता है। ललन सिंह ने अनंत से बातचीत के बाद मीडिया से कहा कि अनंत सिंह की नीरज कुमार से जो तकलीफ है, वो उन्होंने रखी और वो सच हैं। ललन सिंह ने बताया कि अनंत सिंह के विधानसभा चुनाव के दौरान दुष्प्रचार किया गया और इस वजह से क्रिया के जवाब में प्रतिक्रिया हो रही है। उन्होंने कहा कि तब पार्टी की प्रदेश यूनिट से चूक हुई, तभी पहल और कार्रवाई करनी चाहिए थी।

कोई चुनौती नहीं है…, बिहार MLC चुनाव में नामांकन से पहले बोले नीरज कुमार; अनंत सिंह पर भी दिया जवाब

बकौल ललन सिंह उन्हें अनंत सिंह ने बताया कि पार्टी की बुलाई गई बैठक में उन्होंने नीरज कुमार के सामने यह बात रखी कि विधायक के चुनाव में वह उनके खिलाफ प्रचार कर रहे थे, बयान दे रहे थे, विरोधियों से मिलकर अभियान चला रहे थे। अनंत सिंह ने ललन सिंह से कहा कि जब मेरे चुनाव में लोग विरोध कर रहे थे, तब पार्टी का अनुशासन कहां था। अनंत सिंह ने यह साफ कह दिया कि जो उनके खिलाफ था, उसके लिए वोट नहीं मागेंगे। नीरज कुमार के लिए वोट नहीं मांगेंगे। ललन सिंह ने कहा कि अनंत सिंह के खिलाफ अभियान में नीरज कुमार शामिल थे, यह सत्य है। अनंत ने ललन को भरोसा दिया है कि वो अब सार्वजनिक बयान नहीं देंगे, यहां तक कि मीडिया वाले मुंह में उंगली भी करेंगे तो भी कुछ नहीं बोलेंगे।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsअब उंगली करने पर भी नहीं बोलेंगे अनंत सिंह, ललन सिंह की ‘दवाई’ से JDU को राहत आई