किऊल नदी में डूबने से युवक की मौत, देर रात मिला शव
- स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से हादसा, मछुआरों और ग्रामीणों ने निकाला शव

सूर्यगढ़ा, निज प्रतिनिधि। नगर परिषद क्षेत्र के जगदीशपुर गांव स्थित किऊल नदी में स्नान करने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान माणिकपुर थाना क्षेत्र के माणिकपुर गांव निवासी 29 वर्षीय आदित्य कुमार के रूप में हुई है। वह रामशरण मंडल का पुत्र बताया गया है। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है। जानकारी के अनुसार आदित्य कुमार मंगलवार की दोपहर जगदीशपुर गांव स्थित किऊल नदी में स्नान करने गया था।
घटना का विवरण
स्थानीय लोगों ने बताया कि स्नान के दौरान वह अनजाने में नदी के गहरे हिस्से में चला गया। तैरना नहीं जानने के कारण वह पानी में डूब गया। घाट पर मौजूद कुछ बच्चों ने युवक को पानी में डूबते देखा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। शाम होने पर बच्चों ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण नदी किनारे जुट गए और युवक की तलाश शुरू की गई। काफी देर तक खोजबीन के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर स्थानीय मछुआरों की मदद ली गई।
शव की बरामदगी
मछुआरों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से मंगलवार देर रात युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि मृतक का जगदीशपुर गांव में रिश्तेदारी संबंध था और वह अक्सर यहां आता-जाता था। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक मानसिक रूप से भी कुछ अस्वस्थ बताया जाता था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इधर थानाध्यक्ष रोहित कुमार के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेजने के बाद परिजन को सौंप दिया गया और यूडी केस दर्ज किया गया है।
FAQs
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


