
लोकतंत्र की महत्ता के लिए जीविका दीदियों का अभियान, बढ़ेगा मतदान प्रतिशत
लखीसराय में जीविका दीदियों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ये दीदियाँ गांव-गांव जाकर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित कर रही हैं। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में लोगों को मतदान की शपथ दिलाई गई। इस प्रयास से लखीसराय के मतदान प्रतिशत में वृद्धि की उम्मीद है।
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। लोकतंत्र की जननी बिहार में लोकतंत्र का महापर्व अपने प्रथम चरण में 6 नवंबर को संपन्न होगा। इस अवसर पर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत जीविका दीदियों द्वारा चलाया जा रहा मतदाता जागरूकता अभियान रंग ला रहा है। लखीसराय जिले में पिछले एक माह से जीविका दीदियों ने सैकड़ों सामुदायिक संगठनों के माध्यम से गांव-गांव जाकर मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया है। जिला का शायद ही कोई गांव या टोला बचा हो, जहां जीविका दीदियों ने दस्तक न दी हो। उनकी अथक मेहनत से मतदाताओं में लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

मंगलवार को जिला प्रशासन, लखीसराय द्वारा लाल पहाड़ी पर आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई कि वे मतदान अवश्य करेंगे और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका श्रीमती अनीता कुमारी ने दीदियों का नेतृत्व करते हुए उन्हें उत्साहित किया और स्वयं मतदान करने का संकल्प लिया। उन्होंने सभी जीविका समूहों को अपील की कि वे मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इसी क्रम में मंगलवार को जीविका दीदियों ने पिछले चुनाव में कम मतदान प्रतिशत वाले लगभग 120 क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। नए मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराया गया और संध्या समय में सभी पंचायतों में कैंडल मार्च निकाला गया, जिससे मतदान के प्रति जनजागरण का माहौल बना। लोकतंत्र की मजबूती के लिए जीविका दीदियों का यह प्रयास निश्चित ही लखीसराय जिले के मतदान प्रतिशत को नई ऊंचाई देगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




