फॉर्मर रजिस्ट्री को लेकर एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

Jan 14, 2026 12:27 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखीसराय
share

लखीसराय में मंगलवार को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य के लिए एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य पारदर्शिता और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना था। सभी किसानों का फॉर्मर आईडी बनाना अनिवार्य है, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

फॉर्मर रजिस्ट्री को लेकर एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। मंगलवार को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में जिले के सभी अंचलों में फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य में संलग्न पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य फॉर्मर रजिस्ट्री एवं फार्मर आईडी निर्माण से संबंधित कार्यों में एकरूपता, पारदर्शिता और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना रहा। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य विशेष अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन व्यक्तियों के नाम से जमाबंदी दर्ज है, उन सभी किसानों का फार्मर आईडी अनिवार्य रूप से बनाया जाना है।

वहीं, जिन किसानों के नाम से अब तक जमाबंदी दर्ज नहीं है, उन्हें शीघ्र जमाबंदी के लिए आवेदन करने हेतु प्रेरित किया जाए, ताकि वे भी कृषि से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। जिला पदाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनका फार्मर आईडी निर्मित होगा। जिन किसानों का फार्मर आईडी नहीं रहेगा, वे पीएम किसान निधि सहित अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाएंगे। ऐसे में सभी अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार करें और किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए जागरूक करें। प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान फॉर्मर रजिस्ट्री से जुड़े तकनीकी पहलुओं, ऑनलाइन प्रविष्टि प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की जांच, त्रुटि सुधार तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उठाए गए प्रश्नों और शंकाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अंत में जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह अभियान सीधे तौर पर किसानों के हित से जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि जिले का कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी, किसान सलाहकार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।