
लखीसराय: टोल बचाने के चक्कर में अशोक धाम रोड पर बढ़ रहा जाम
लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भीड़भाड़ के दिनों में जाम की समस्या बढ़ रही है। स्थानीय लोग मानते हैं कि बालगुदर टोल गेट के कारण वाहन चालक बाईपास का उपयोग कर रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन से जाम की समस्या समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। अशोक धाम मंदिर में बड़े आयोजनों और भीड़भाड़ वाले दिनों में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसका मुख्य कारण बालगुदर के पास स्थित टोल गेट है। टोल टैक्स से बचने के उद्देश्य से छोटे वाहन चालक बाईपास या अन्य वैकल्पिक मार्गों से होकर अशोक धाम रोड का उपयोग कर रहे हैं, जिससे इस मार्ग पर वाहनों का अत्यधिक दबाव बन जाता है और आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार जब भी अशोक धाम में कोई धार्मिक आयोजन, मेला या विशेष पर्व होता है, तब आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
बालगुदर के पास टोल गेट पड़ने के कारण कई वाहन चालक जानबूझकर अशोक धाम रोड की ओर मुड़ जाते हैं। इससे न केवल मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होती है, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि अशोक धाम रोड अपेक्षाकृत संकरी है और इतनी अधिक संख्या में वाहनों का दबाव सहन करने में सक्षम नहीं है। टोल बचाने की मंशा से इस सड़क का उपयोग किए जाने के कारण यहां घंटों जाम लगा रहता है। खासकर छोटे चारपहिया वाहन, ऑटो और बाइक की संख्या अधिक होने से यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि बड़े आयोजनों और विशेष अवसरों पर बालगुदर मोड़ के समीप सड़क को अस्थायी रूप से अवरुद्ध कर दिया जाए। इससे टोल बचाने के लिए आगे बढ़ने वाले वाहनों को रोका जा सकेगा और अशोक धाम रोड पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ेगा। साथ ही उन्होंने यातायात पुलिस की नियमित तैनाती और वैकल्पिक मार्गों की स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने की भी मांग की है। लोगों का मानना है कि यदि प्रशासन समय रहते इस दिशा में ठोस कदम उठाता है, तो अशोक धाम क्षेत्र में लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिल सकती है और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन की सुविधा मिल सकेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




