लखीसराय: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, पति-सास गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, लखीसराय
Follow us on Google News
share

लखीसराय के देवघरा चंद्रटोला गांव में एक नवविवाहिता करिश्मा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शादी के बाद से दहेज की मांग और मानसिक उत्पीड़न के चलते करिश्मा की मृत्यु हुई है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति और सास को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।

लखीसराय: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, पति-सास गिरफ्तार

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत मैदानीचौकी थाना क्षेत्र के देवघरा चंद्रटोला गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रेम प्रसंग में हुई शादी के महज पांच महीने बाद ही विवाहिता की मौत हो जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका की पहचान करिश्मा कुमारी के रूप में हुई है, जो धरहरा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी श्रीलाल बिंद की पुत्री है और उसकी शादी राकेश कुमार से हुई थी। परिजनों के अनुसार, करिश्मा और राकेश ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के बाद से ही रिश्तों में तनाव शुरू हो गया।

आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज में बाइक की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर करिश्मा के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। परिजनों ने बताया कि कई बार करिश्मा ने फोन कर अपनी पीड़ा साझा की थी, लेकिन सामाजिक दबाव और रिश्ते को बचाने की कोशिश में मामला शांत कराने का प्रयास किया जाता रहा। घटना 20 मार्च की शाम की बताई जा रही है, जब करिश्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि उसकी बेरहमी से हत्या करने के बाद शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही मैदनीचौकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति राकेश कुमार और उसकी सास को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रेम विवाह के बावजूद दहेज की मांग और प्रताड़ना जैसी घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इधर मैदनीचौकी थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार ने कहा कि परिजन की लिखित शिकायत में दहेज हत्या का आरोप लगा है, इसके आधार पर अभी दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। इधर एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।