सहयोग शिविरों में पहुंचे प्रभारी मंत्री, लाभार्थियों के बीच जॉबकार्ड व चेक का प्रारूप किया वितरित
सहयोग शिविरों में पहुंचे प्रभारी मंत्री, लाभार्थियों के बीच जॉबकार्ड व चेक का प्रारूप किया वितरित

लखीसराय, एक प्रतिनिधि । जिले में मंगलवार को सहयोग शिविर कार्यक्रम के द्वितीय चरण का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़हिया प्रखंड अंतर्गत उच्च विद्यालय, बिलौरी परिसर में आयोजित सहयोग शिविर का विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग मंत्री सह लखीसराय के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने किया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन एवं निरीक्षण
उद्घाटन के बाद प्रभारी मंत्री ने बड़हिया प्रखंड के डुमरी पंचायत तथा हलसी प्रखंड के हलसी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, आमजनों की भागीदारी और लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और शिकायतों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।
मंत्री का संबोधन
अपने संबोधन में मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रशासन को अधिक संवेदनशील और जनोन्मुखी बनाना है। उन्होंने आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यालय विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा पेयजल समस्या के समाधान को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से आम लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोगों का समय और संसाधन दोनों बच रहे हैं।
लाभार्थियों के बीच वितरण
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों एवं लाभार्थियों के बीच विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित लाभों और प्रमाण पत्रों का वितरण किया। इसमें जन्म प्रमाण पत्र, वंशावली प्रमाण पत्र, पोशाक योजना के लाभ सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं शामिल थीं। इसी क्रम में मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने सूर्यगढ़ा प्रखंड के बंशीपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम में भाग लेकर लाभार्थियों को आशीर्वाद दिया तथा अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की भागीदारी
सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन भी दिए। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


