बिना हेलमेट व ट्रिपल लोडिंग पर सख्ती, 25 हजार का जुर्माना
लखीसराय में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला परिवहन विभाग ने सख्त कदम उठाए। अधिकारियों ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया जिसमें बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग और अधूरे कागजात रखने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। विभाग ने नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। सड़क सुरक्षा को लेकर गुरुवार को जिला परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया। जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि और मोटरयान निरीक्षक प्रतीक कुमार के नेतृत्व में कार्यालय के सामने सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टोटो, बाइक और ऑटो चालकों की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल लोडिंग करने और कागजात अधूरे रखने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। कई बाइक सवार बिना हेलमेट पकड़े गए, वहीं कुछ ऑटो चालकों को नियमों का उल्लंघन करते पाया गया।
नियम तोड़ने वाले वाहनों को अस्थायी रूप से जब्त कर जुर्माना वसूलने के बाद छोड़ा गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि पिछले एक माह से विभाग द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा था। लोगों को गुलाब फूल देकर और अन्य माध्यमों से यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं दिखा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना ही प्रमुख उपाय होगा। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट किसी भी दोपहिया चालक को शहर की सड़कों पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ट्रिपल लोडिंग और ओवरलोडिंग पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा और कई लोग नियमों का पालन करते नजर आए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



