सुबह लखीसराय मुख्य बाजार में लगा भीषण जाम, घंटों फंसे रहे लोग

Mar 03, 2026 12:39 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखीसराय
share Share
Follow Us on

- अव्यवस्थित यातायात से रोजाना बन रही परेशानीसुबह लखीसराय मुख्य बाजार में लगा भीषण जाम, घंटों फंसे रहे लोग

सुबह लखीसराय मुख्य बाजार में लगा भीषण जाम, घंटों फंसे रहे लोग

लखीसराय, निज प्रतिनिधि। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह करीब आठ बजे से ही बाजार की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहिया, चारपहिया, ई-रिक्शा और मालवाहक वाहन जैसे-तैसे बाजार में प्रवेश करते रहे, जिसके कारण देखते ही देखते पूरा इलाका जाम की चपेट में आ गया। करीब दो से तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और लोग अपने-अपने वाहनों में फंसे रहे। प्रतिदिन की तरह आज भी अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और बिना रोक-टोक वाहनों के बाजार में प्रवेश करने से स्थिति बिगड़ गई।

मुख्य मार्ग संकरा होने के बावजूद भारी वाहनों का प्रवेश जारी रहता है। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन और ठेला-खोमचे भी जाम की एक बड़ी वजह बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं होती, जिससे स्थिति अनियंत्रित हो जाती है। सुबह के समय जाम लगने से सबसे अधिक परेशानी कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और स्कूल-कॉलेज के छात्रों को हुई। कई लोग समय पर अपने दफ्तर नहीं पहुंच सके। कुछ कर्मचारियों ने बताया कि वे रोजाना इस समस्या से जूझ रहे हैं और जाम के कारण उन्हें लेट मार्क का सामना करना पड़ता है। अभिभावकों ने भी बच्चों को स्कूल पहुंचाने में हुई देरी पर नाराजगी जताई। एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस गईं, जिससे मरीजों को भी कठिनाई हुई। ---------- जाम के कारण ग्राहकों को भी हुई भारी परेशानी: स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि जाम के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है। कई लोग बाजार आने से कतराने लगे हैं। हालांकि व्यापारियों का यह भी मानना है कि पूरी तरह से वाहनों पर प्रतिबंध लगाने से व्यवसाय प्रभावित हो सकता है, लेकिन सुव्यवस्थित पार्किंग और समयबद्ध यातायात व्यवस्था लागू की जाए तो समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। शहरवासियों का आरोप है कि जाम की समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए न तो बाईपास मार्ग का समुचित उपयोग हो पा रहा है और न ही बाजार क्षेत्र में वन-वे सिस्टम प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि सुबह और शाम के व्यस्त समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए, नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती हो तथा सड़क किनारे अतिक्रमण हटाया जाए। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। फिलहाल, शहरवासी रोजाना के जाम से त्रस्त हैं और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।