Lakhisarai News: रामपुर मुसहरी: विद्यालय भवन नहीं, जर्जर सामुदायिक भवन में तराशा जा रहा नौनिहालों का भविष्य
Lakhisarai News: - भवन को लेकर विभाग को भेजा गया जमीन का ब्यौरा, नहीं लिया जा रहा कोई सूध

Lakhisarai News: चानन। निज प्रतिनिधि। देश के नौनिहालों का भविष्य जर्जर सामुदायिक भवन रामपुर मुसहरी में खतरे के बीच तराशा जा रहा है। वह भी इस स्थिति में जब सरकार शिक्षा पर पानी की तरह धन बहा रही है। ऐसा नहीं है कि स्कूल भवन निर्माण को लेकर स्कूल प्रधान व ग्रामीणों द्वारा पहल नहीं किया गया हो, लेकिन षिक्षा विभाग के हुक्मरानों की वजह से अब तक स्कूल भवन का निर्माण संभव नहीं हो सका है। स्थापना काल से ही नवसृजित प्राथमिक विद्यालय रामपुर मुसहरी का हाल बेहाल है। स्कूल का अपना भवन नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। असुरक्षित एवं जर्जर सामुदायिक भवन में पढ़ने से बच्चों का ध्यान भटकता है, मौसम की मार से स्वास्थ्य खराब होता है और बुनियादी सुविधाएं नहीं रहने से षिक्षिकाओं को भी फजिहत का सामना करना पड़ता है।
शिक्षिकाओं की स्थिति
--------
55 बच्चों को पढ़ाने के लिए चार शिक्षिकाएं मौजूद:
नवसृजित प्राथमिक विद्यालय रामपुर मुसहरी में प्रथम वर्ग से पंचम वर्ग तक की पढ़ाई होती है। बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल प्रधान सुस्मिता कुमारी के अलावा चैताली कुमारी, अनामिका पांडेय, कु. हिमांषी सक्सेना पदस्थापित है। वर्तमान में अनामिका पांडेय मातृत्व अवकाश पर हैं। अपना भवन नहीं रहने से इन शिक्षिकाओं को यूरिनल करने में भी पास के बदहाल शौचालय में जाना पड़ता है। सामुदायिक भवन के निकट महादलित लोगों द्वारा सुअर पाल रखा है, जिससे भी शिक्षिकाओं को दिक्कत होती है।
भवन निर्माण की मांग
-----------
भवन को लेकर केन्द्रीय मंत्री को दिया गया आवेदन:
भवन निर्माण को लेकर स्कूल प्रधान सुस्मिता कुमारी द्वारा 16 जून 2026 को केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह को आवदेन दिया गया। एचएम के आवदेन पर मंत्री ने संज्ञान लेते हुए 26 जून को डीएम लखीसराय को भवन निर्माण के लिए कहा गया, लेकिन अब तक नतीजा सिफर रहा है। हालांकि एचएम को भवन निर्माण को लेकर पूरी उम्मीद शिक्षा विभाग के हुक्मरानों से है। बहरहाल जो भी हो लेकिन इतना सत्य है कि अपना भवन नहीं रहने से महादलित समाज के बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। पर्याप्त शिक्षिका रहने के बाद भी वर्गवार क्लास संभव नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा भी भवन निर्माण की मांग की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि भवन निर्माण को लेकर खाता न. 256 खेसरा 742 में 02 एकड़ 38 डी. एवं खाता न. 256, खेसरा 1224 में 02 एकड़ 26 डी. जमीन मौजूद है, जहां भवन निर्माण कराया जा सकता है।


