जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटना रोकने और जाम नियंत्रण पर बनी रणनीति
लखीसराय में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट का विश्लेषण कर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में भारी वाहनों के संचालन और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर चर्चा की गई।

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की समीक्षा
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों पर चर्चा की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं, ब्लैक स्पॉट, प्रदूषण जांच, यातायात प्रबंधन और भारी वाहनों के संचालन से संबंधित विषयों पर गंभीरता से विचार किया गया।
अधिकारियों के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का विस्तृत विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क हादसों की संख्या में कमी लाई जा सके। बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि अनुमंडल पदाधिकारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी ट्रक एसोसिएशन के साथ विशेष बैठक करेंगे।
भारी वाहनों का संचालन
इस बैठक में बंद पुलों एवं बाजार क्षेत्रों से होकर गुजरने वाले बाहरी भारी वाहनों के संचालन और नियंत्रण की रणनीति तैयार की जाएगी। इसका उद्देश्य शहर में लगने वाले जाम से लोगों को राहत देना और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।जिला पदाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्घटना संभावित रेड जोन क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा उपायों के संबंध में रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
सुरक्षा उपायों की व्यवस्था
उन्होंने कहा कि जहां अधिक दुर्घटनाएं होती हैं, वहां संकेतक बोर्ड, स्पीड कंट्रोल, स्ट्रीट लाइट और अन्य सुरक्षा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में टाउन थाना अध्यक्ष ने नया बाजार इलेक्ट्रॉनिक प्वाइंट और बी.एड कॉलेज मोड़ के समीप स्ट्रीट लाइट लगाने की आवश्यकता बताई, जिस पर संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क सुरक्षा जागरूकता, यातायात नियमों के पालन और नियमित वाहन जांच अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


