किऊल स्टेशन पर पुलिस सुरक्षा सप्ताह के तहत चला जागरूकता अभियान
लखीसराय रेलवे स्टेशन और किऊल जंक्शन पर पुलिस सुरक्षा सप्ताह के तहत आरपीएफ और जीआरपी ने जागरूकता अभियान चलाया। इसका उद्देश्य रेल यात्रियों को सुरक्षा, स्वच्छता और सतर्कता के प्रति जागरूक करना था। यात्रियों को आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई।

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। लखीसराय रेलवे स्टेशन और किऊल जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पुलिस सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर आरपीएफ और जीआरपी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य रेल यात्रियों को सुरक्षा, स्वच्छता और सतर्कता के प्रति जागरूक करना था। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में यात्रियों से संवाद किया। यात्रियों को यत्र-तत्र गंदगी नहीं फैलाने, संदिग्ध वस्तु दिखने पर तुरंत सूचना देने, चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से बचने और अनजान लोगों से खाने-पीने की वस्तु स्वीकार नहीं करने की सलाह दी गई। इसके साथ ही यात्रियों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।
पुलिसकर्मियों ने नुक्कड़ शैली में संवाद कर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को सरल भाषा में समझाया। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई। स्टेशन पर मौजूद दुकानदारों और कुलियों को भी साफ-सफाई बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस सुरक्षा सप्ताह के दौरान इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि रेल परिसर को सुरक्षित और स्वच्छ बनाया जा सके। यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



