Hindi NewsBihar NewsLakhisarai NewsPreparation for 12-Foot Statue of Sage Shringi Rishi at Shringi Rishi Dham
लखीसराय: महर्षि शृंगीऋषि की भव्य 12 फीट ऊंची प्रतिमा होगी स्थापित

लखीसराय: महर्षि शृंगीऋषि की भव्य 12 फीट ऊंची प्रतिमा होगी स्थापित

संक्षेप:

लखीसराय में शृंगीऋषि धाम में महर्षि शृंगीऋषि की 12 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी अंतिम चरण में है। जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की देखरेख में मूर्तिकार को आमंत्रित किया गया है। 2 जनवरी तक प्रतिमा स्थापना का कार्य पूरा करने का लक्ष्य है, ताकि 3 जनवरी को मुरारी बापू के कार्यक्रम से पहले सभी तैयारियां पूरी हो सकें।

Jan 01, 2026 05:37 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखीसराय
share Share
Follow Us on

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। शृंगीऋषि धाम में महर्षि शृंगीऋषि की भव्य 12 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित किए जाने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहल को जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र के मार्गदर्शन में मूर्त रूप दिया जा रहा है। जिलाधिकारी की पहल पर न केवल प्रतिमा निर्माण का कार्य शुरू कराया गया है, बल्कि बाहर से मूर्तिकार को आमंत्रित कर प्रतिमा को आकर्षक एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने की कवायद भी तेज कर दी गई है। प्रतिमा स्थापना को लेकर बुधवार को जिला प्रशासन की एक उच्चस्तरीय टीम ने देर शाम शृंगीऋषि धाम परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

निरीक्षण के दौरान प्रतिमा लगाए जाने वाले स्थल, उसकी दिशा, आधार निर्माण, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था तथा सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार सूर्यग्रहा प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप धाम प्रबंधन समिति के सदस्य, स्थानीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिमा स्थापना का कार्य धार्मिक आस्था और परंपरा के अनुरूप हो, साथ ही सुरक्षा मानकों का भी पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परिसर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और मार्ग व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि आगामी दिनों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 2 जनवरी तक प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि 3 जनवरी से शृंगीऋषि धाम में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध कथावाचक मुरारी बापू के कार्यक्रम से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। मुरारी बापू के प्रवचन कार्यक्रम को लेकर पहले से ही देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। गौरतलब है कि शृंगीऋषि धाम का धार्मिक महत्व अत्यंत प्राचीन है। मान्यता है कि महर्षि शृंगीऋषि के तपोबल से यह क्षेत्र पुण्यभूमि के रूप में प्रतिष्ठित है। ऐसे में उनकी भव्य प्रतिमा की स्थापना से न केवल धाम की आध्यात्मिक गरिमा में वृद्धि होगी, बल्कि यह श्रद्धालुओं के लिए आस्था का एक नया केंद्र भी बनेगा।