फल दुकान से चोरी का खुलासा, नाबालिग पकड़ा गया
लखीसराय के कबैया थाना क्षेत्र में एक फल दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन किया है। 15 जनवरी को चोरी की घटना में नाबालिग आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई इलाके के दुकानदारों में राहत का माहौल लाने वाली है।

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। कबैया थाना क्षेत्र के कोर्ट एरिया स्थित एक फल दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त एक नाबालिग आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चिह्नित कर पकड़ लिया है। इस कार्रवाई से इलाके के दुकानदारों और व्यवसायियों में राहत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 15 जनवरी को संसार पोखर निवासी अनीश कुमार की कोर्ट एरिया स्थित फल दुकान में अज्ञात चोरों ने रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर दुकान के अंदर घुसकर नकद रुपये सहित करीब 20 हजार रुपये मूल्य के फल और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने कवैया थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के निर्देश पर विशेष जांच शुरू की गई। अनुसंधानकर्ता पुअनि भावना रेवराज के नेतृत्व में कवैया थाना पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर चोरी में संलिप्त एक नाबालिग युवक की पहचान की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग आरोपी को निरूद्ध किया। पूछताछ के दौरान उसकी संलिप्तता चोरी की घटना में स्पष्ट रूप से सामने आई है। पुलिस के अनुसार मामले में विधि सम्मत आगे की कार्रवाई की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस घटना में अन्य लोग शामिल थे या नहीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




