सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर बार-बालाओं का अश्लील डांस, वीडियो वायरल

Jan 26, 2026 11:13 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखीसराय
share Share
Follow Us on

लखीसराय के सिस्मा गांव में सरस्वती पूजा के दौरान बार-बालाओं का अश्लील नृत्य हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पूजा स्थल पर प्रशासन की अनुपस्थिति और नियमों के उल्लंघन ने सवाल उठाए हैं। प्रशासन अब आयोजकों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर बार-बालाओं का अश्लील डांस, वीडियो वायरल

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। जिले में ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा के पावन अवसर पर आस्था पर अश्लीलता भारी पड़ती नजर आई। रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के सिस्मा गांव में आयोजित सरस्वती पूजा कार्यक्रम के दौरान पूरी रात बार-बालाओं का डांस चलता रहा, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो ने जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, चौक सिस्मा गांव में शील बाबा बाल नवयुवक समिति द्वारा सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा पंडाल में रात के समय अश्लील भोजपुरी गानों पर बार-बालाओं से खुलेआम मंचीय नृत्य कराया गया।

आरोप है कि देर रात तक महफिल जमी रही और अश्लील गीतों पर ठुमकों का दौर चलता रहा, जबकि मौके पर पुलिस प्रशासन की मौजूदगी न के बराबर रही। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पूजा स्थल पर तेज आवाज में अश्लील गाने बजाए जा रहे हैं और मंच पर नर्तकियां नृत्य कर रही हैं। यह सब उस समय हुआ, जब जिला प्रशासन की ओर से पहले ही सरस्वती पूजा को लेकर सख्त गाइडलाइन जारी की गई थी। गाइडलाइन में पूजा के दौरान अश्लील गानों, डीजे, बार-बालाओं के नृत्य और भड़काऊ कार्यक्रमों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बावजूद सिस्मा गांव में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है और पूजा की पवित्रता पर सवाल उठते हैं। वहीं, कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि यदि समय रहते पुलिस और प्रशासन सक्रिय होता, तो इस तरह का कार्यक्रम रोका जा सकता था। वीडियो वायरल होने के बाद अब जिला प्रशासन और पुलिस हरकत में आने की बात कह रही है। सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर आयोजकों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित समिति और आयोजकों पर कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि जब स्पष्ट निर्देश जारी थे, तो फिर ऐसे आयोजनों पर समय रहते रोक क्यों नहीं लगाई गई। ------------ कोट- यदि पूजा के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने की अनुमति एसडीओ कार्यालय से ली गई होगी तो उन्हें सिर्फ सांस्कृतिक कार्यक्रम का ही आयोजन होना चाहिए था। इस तरह का कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी से बात कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - शिवम कुमार, एसडीपीओ ------------ कोट- वीडियो मिला है, इसकी जांच की जा रही है। इस तरह के कार्यक्रम की अनुमति कहीं से नहीं दी गई है। मामले की जांच के बाद समिति के सदस्यों पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। इससे पहले वीडियो के सत्यता की भी जांच की जाएगी। प्रभाकर कुमार, एसडीओ

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;