लखीसराय में रसोई गैस को लेकर अफवाहें बेबुनियाद, एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक, होम डिलिवरी जारी
- नया बाजार स्थित इंडेन गैस एजेंसी में एक सप्ताह का भंडार, नियमित रूप से हो रही आपूर्ति

लखीसराय, कार्यालय संवाददाता। जिले में रसोई गैस की कमी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। शहर के नया बाजार स्थित इंडेन गैस एजेंसी सहित अन्य गैस वितरकों के अनुसार जिले में घरेलू रसोई गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि फिलहाल जिले में गैस की कोई किल्लत नहीं है और यदि सप्लाई इसी तरह सुचारु रूप से मिलती रही तो आगे भी किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। गैस एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में गोदाम में लगभग एक सप्ताह तक का स्टॉक मौजूद है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराया जा रहा है।
बुकिंग के बाद छह से सात दिनों के भीतर सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर तक होम डिलिवरी के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। एजेंसी प्रबंधन ने बताया कि नियमित रूप से ट्रकों के माध्यम से गैस की आपूर्ति हो रही है, जिससे स्टॉक बना हुआ है और उपभोक्ताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है। हाल के दिनों में गैस को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं फैलने लगी थीं, जिसके कारण कई लोग समय से पहले ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी या डिलिवरी प्वाइंट पर पहुंचने लगे।----------सिलेंडर लेने के दस दिनों में ही दोबारा सिलेंडर लेने आ रहे उपभोक्ता:एजेंसी संचालकों के अनुसार यही स्थिति अनावश्यक भीड़ और भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है। कई उपभोक्ता सिलेंडर लेने के दस दिनों के अंदर ही दोबारा गैस लेने के लिए पहुंच जा रहे हैं, जबकि नियमानुसार अगले सिलेंडर की बुकिंग 25 दिनों के बाद की जाती है। एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि कुछ लोग गैस का अतिरिक्त भंडारण करने के उद्देश्य से जल्दी-जल्दी सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे अन्य उपभोक्ताओं को असुविधा हो रही है और स्थिति को लेकर पैनिक माहौल बन रहा है। जबकि वास्तविकता यह है कि जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। गैस वितरकों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित समय पर ही गैस की बुकिंग करें। अनावश्यक रूप से सिलेंडर का भंडारण करने या समय से पहले लेने की कोशिश करने से न केवल व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि अन्य उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एजेंसी के अनुसार यदि उपभोक्ता निर्धारित नियमों के अनुसार बुकिंग करेंगे तो उन्हें छह से सात दिनों के भीतर गैस सिलेंडर घर तक उपलब्ध हो जाएगा। वर्तमान में होम डिलिवरी की व्यवस्था भी सुचारु रूप से चल रही है और डिलिवरी कर्मी नियमित रूप से उपभोक्ताओं के घर तक सिलेंडर पहुंचा रहे हैं। प्रशासन और गैस एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि लखीसराय जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक घबराहट या अफवाहों से बचें और जरूरत के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर सुविधा मिलती रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


