राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की बैठक
लखीसराय में 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष और विभिन्न न्यायिक एवं सरकारी अधिकारियों ने भाग लिया। सभी को वादों की पहचान कर उन्हें लोक अदालत में प्रस्तुत करने और प्रचार-प्रसार पर जोर देने के निर्देश दिए गए।

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। आगामी शनिवार 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के अध्यक्ष के निर्देश पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय सैय्यद मोहम्मद शब्बीर आलम के कक्ष में किया गया। बैठक में प्रधान न्यायाधीश पवन कुमार झा, रजनी कुमारी, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर सहित कई न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी जैसे जिला पंचायती राज पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, माप-तौल विभाग, वन विभाग, जिला परिवहन विभाग, भारत संचार निगम लिमिटेड तथा जिला खनन पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान एक अलग सत्र में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (रेल) के साथ रेलवे से जुड़े पदाधिकारी एवं विभिन्न जीआरपी थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विभागों से अधिक से अधिक वादों की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में निष्पादन के लिए प्रस्तुत करें। साथ ही संबंधित पक्षों को समय पर नोटिस निर्गत करने की प्रक्रिया को तेज करने पर भी बल दिया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी को विशेष रूप से ट्रैफिक चालान से जुड़े मामलों में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया, ताकि इन मामलों का अधिकाधिक निपटारा हो सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि लोक अदालत की सफलता के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके तहत बैनर, पंपलेट, डिजिटल माध्यम और सोशल मीडिया के जरिए आम लोगों को जागरूक किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम जनता को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता और समन्वय के साथ करने का निर्देश दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


