
कंकड़बाग घटना के बाद रामनगर में पसरा मातम, न्याय की आस में परिजन
फॉलोअप:कंकड़बाग घटना के बाद रामनगर में पसरा मातम, न्याय की आस में परिजनकंकड़बाग घटना के बाद रामनगर में पसरा मातम, न्याय की आस में परिजन
बड़हिया, निज प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के हिरदनबीघा (रामनगर) निवासी कारू यादव के 21 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार की पटना के कंकड़बाग इलाके में हुई हत्या के बाद पूरे परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। स्नातक प्रथम वर्ष का छात्र गौरव कुमार अपने पिता द्वारा संचालित ग्रिल की दुकान में हाथ बंटाता था। पीड़ित पिता कारू यादव ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से वे कंकड़बाग में ग्रिल की छोटी दुकान चलाते हैं। मकर संक्रांति पर्व को लेकर वे इन दिनों गांव आए हुए थे। जबकि दुकान का संचालन उनके पुत्र गौरव कुमार और सौरभ कुमार कर रहे थे।
इसी दौरान मंगलवार की शाम सिगरेट लाने को लेकर स्थानीय युवकों से हुए वाद-विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। परिजनों के अनुसार आरोपित युवकों ने पहले गौरव के साथ मारपीट की, जिससे उसका सिर फट गया। बाद में चाकूबाजी की घटना भी सामने आई। गंभीर रूप से घायल गौरव को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई व प्रत्यक्षदर्शी सौरभ कुमार ने बताया कि विवाद के बाद करीब दर्जन भर युवक दुकान के आसपास लगातार चक्कर काट रहे थे। स्थिति भांपते हुए वे दुकान बंद करने लगे। इसी दौरान गौरव पास के एमआईजी पार्क गया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट और चाकूबाजी की गई। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि परिजन पुलिस द्वारा मृतक और आरोपित युवकों को नाबालिग बताए जाने से नाराज हैं। परिजनों का कहना है कि गौरव बालिग था और घटना में शामिल युवक भी बालिग हैं। इसके बावजूद मामले को हल्का करने की कोशिश की जा रही है। गौरव का शव बुधवार को गांव लाया गया। जहां अंतिम संस्कार किया गया। कारू यादव के चार पुत्र हैं। सबसे बड़ा पुत्र सुमन कुमार मजदूरी करता है, जबकि तीन बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। दो बहनों में एक की शादी हो चुकी है और दूसरी पढ़ाईरत है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। घर के महिला-पुरुष सभी गहरे सदमे में हैं। पिता कारू यादव ने रोते हुए कहा कि गरीबी में बेटे को पढ़ाया-लिखाया, उम्मीद थी कि अब जिंदगी बदलेगी। लेकिन जवान बेटे को मृत अवस्था में देखकर सारे सपने चूर हो गए। गांव-मोहल्ले में सन्नाटा है और हर आंख नम है। परिजनों को उम्मीद है कि प्रशासन घटना में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई करेगा। वहीं मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि घटना में शामिल युवक नशे के आदी थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




