राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में वैशाली की टीम से एक साथ खेल रही मां-बेटी बनी आकर्षण का केंद्र
राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में वैशाली की टीम से एक साथ खेल रही मां-बेटी बनी आकर्षण का केंद्र

लखीसराय, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि शहर के नया बाजार केआरके मैदान 31 मार्च से 14 अप्रैल तक आयोजित हो रहे डे-नाइट राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल वैशाली की टीम इस बार खास वजह से चर्चा में है। टीम में एक साथ खेल रही मां-बेटी की जोड़ी दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। 11 नंबर की जर्सी में बेटी वैभवी राज सिंह और 19 नंबर की जर्सी में मां रजनी अलंकार मैदान में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। खास बात यह है कि रजनी अलंकार न केवल टीम की खिलाड़ी हैं, बल्कि टीम मैनेजर की भूमिका भी निभा रही हैं।
जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष बबलू शर्मा एवं आयोजन समिति अध्यक्ष अभिषेक पटेल उर्फ पुन्नू बाबू ने बताया कि पति के साथ रेलवे में कार्यरत रजनी खेल के प्रति अपने समर्पण के लिए जानी जाती हैं। टीम के कोच की जिम्मेदारी उनके पति राजेश कुमार सिंह संभाल रहे हैं। इस तरह एक ही परिवार के तीन सदस्य मां, बेटी और पिता टीम को मजबूती देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। संभवत: यह पहली बार है जब राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में एक ही परिवार के तीन सदस्य एक साथ अपनी टीम के लिए योगदान दे रहे हैं। इससे टीम का मनोबल भी काफी ऊंचा है। अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिल रही है। मां-बेटी की यह जोड़ी पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक साथ फुटबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। मैदान पर दोनों के बीच तालमेल और समझ देखने लायक होती है, जो टीम के प्रदर्शन में सकारात्मक असर डाल रही है। दर्शकों के साथ खेल प्रेमियों के बीच भी इस परिवार की काफी चर्चा हो रही है। यह जोड़ी न केवल खेल के प्रति समर्पण का उदाहरण पेश कर रही है, बल्कि यह भी साबित कर रही है कि परिवार का सहयोग और जुनून किसी भी लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


