
जलप्पा स्थान में पूजा अर्चना को लेकर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जलप्पा स्थान मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाएं संतान प्राप्ति की कामना से वट वृक्ष में आंचल फाड़कर चढ़ाती हैं। मंदिर में हर मंगलवार, पूर्णिमा और अमावस्या को बड़ी संख्या में लोग आते हैं। हालांकि, सुरक्षा की कमी के कारण श्रद्धालुओं को समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
चानन, निज संवाददाता। प्रसिद्ध जलप्पा स्थान मंदिर में पूजा अर्चना को लेकर मंगलवार की सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ने लगी। दिन चढ़ने के साथ ही मंदिर में कहीं तिल रखने का जगह नहीं बचा। रामायण काल की किवंदंतियों से मां जलप्पा माई का मंदिर आस्था का केन्द्र बना हुआ है। यही वजह है कि प्रत्येक मंगलवार व शनिवार को यहां अच्छी खासी भीड़ श्रद्धालुओं की जुटती है। संतान प्राप्ति की कामना को लेकर महिलाएं यहां लगे वट वृक्ष में आंचल फाड़ कर चढ़ाती है। जलप्पा स्थान में पर्यटन की असीम संभावनाएं रहने के बावजूद यह उपेक्षित है।
मां जलप्पा में आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ मंगलवार के अलावा प्रत्येक पूर्णिमा, पंचमी, अमावस्या व शनिवार को खूब लगती है। ढोल गाजे बाजे के साथ लोग अपने बच्चों को मुंडन संस्कार भी कराते हैं। शादी विवाह के सीजन में यहां शादियां भी खूब होती है। बावजूद मंदिर का समुचित विकास नहीं हो सका है। आस पास के ग्रामीणों ने बताया कि हर मंगलवार को करीब पांच हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटती है। मंदिर परिसर के निकट अस्थाई दुकान भी रहती है, लेकिन सुरक्षा की चौक -चौबंद व्यवस्था नहीं रहने से श्रद्धालुओं को दिक्कत होती है। मंदिर के गर्भगृह में कई बार महिला चोर द्वारा महिलाओं का चेन भी काटा गया। ग्रामीणों ने बताया कि अगर महिला पुलिस की व्यवस्था मंदिर परिसर में करा दिया जाए तो चोर पॉकेटर की दाल नहीं गलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




