वर्षों की मांग अबतक अधूरी, जिला को चाहिए डंपिंग यार्ड व कचरा निस्तारण केंद्र

Jan 30, 2026 01:29 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखीसराय
share Share
Follow Us on

कचरे से निजात कब: अभियान का लौगो लगा लें-शहर के अधिकतर वार्डों में खुले स्थानों पर डंप हो रहा कचरा, दुर्गंध से लोग बेहाल

वर्षों की मांग अबतक अधूरी, जिला को चाहिए डंपिंग यार्ड व कचरा निस्तारण केंद्र

लखीसराय, कार्यालय संवाददाता। नगर परिषद क्षेत्र के अधिकतर वार्डों में खुले स्थानों पर कचरा डंप किए जाने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद की ओर से डंपिंग यार्ड नहीं होने का हवाला देकर शहर के अलग-अलग खाली स्थानों को अघोषित डंपिंग यार्ड में तब्दील कर दिया गया है। नतीजा यह है कि जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है और आसपास रहने वाले लोग बदबू व गंदगी से त्रस्त हैं। शहर के वार्ड संख्या 25 स्थित सुरेश शरण गली के पास कचरा डंप किए जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी चरम पर है।

यहां रोजाना नगर परिषद की गाड़ियां घरेलू व बाजार से उठाया गया कचरा लाकर खुले में फेंक देती हैं। कुछ ही दिनों में यह स्थान कचरे के पहाड़ में तब्दील हो गया है। सड़ांध इतनी तेज है कि आसपास के घरों में रहना मुश्किल हो गया है। वार्ड नंबर 25 में रह रहे दर्जनों लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। --------- गंदगी व दुर्गंध के साथ बढ़ रहा मक्खी व मच्छरों का प्रकोप: स्थानीय निवासी बताते हैं कि कचरे के कारण मच्छर, मक्खी और आवारा जानवरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। कई बार शिकायत के बावजूद नगर परिषद की ओर से सिर्फ अस्थायी सफाई कर दी जाती है, लेकिन कचरा डंप करना बंद नहीं किया जाता। सिर्फ वार्ड 25 ही नहीं, बल्कि शहर के कई वार्डों में यही स्थिति देखने को मिल रही है। कहीं सड़क किनारे, कहीं खाली प्लॉट में तो कहीं रिहायशी इलाकों के पास कचरा डंप किया जा रहा है। इन जगहों पर न तो कोई घेराबंदी है और न ही कचरे के निस्तारण की कोई स्थायी व्यवस्था। धीरे-धीरे ये सभी स्थान अघोषित डंपिंग यार्ड बनते जा रहे हैं। --------- वर्षों से डंपिंग यार्ड का मिल रहा आश्वासन, मिला अबतक नहीं: स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद शहर की साफ-सफाई को लेकर गंभीर नहीं है। वर्षों से डंपिंग यार्ड के निर्माण की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जब भी सवाल किया जाता है, तो अधिकारियों की ओर से जमीन उपलब्ध नहीं होने या प्रक्रिया लंबित होने का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। लोगों ने मांग की है कि नगर परिषद जल्द से जल्द स्थायी डंपिंग यार्ड का निर्माण कराए और तब तक कचरे को रिहायशी इलाकों से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर डंप किया जाए। साथ ही नियमित रूप से कचरा उठाव और सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कुछ सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। हालांकि इस संबंध में डीएम मिथिलेश मिश्र ने बताया कि अंचलाधिकारी को डंपिंग यार्ड के लिए जमीन ढूंढने का निर्देश दिया गया है। जैसे ही मीन उपलब्ध होगा डंपिंग यार्ड बनाया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;